ग्वालियर पुलिस ने 30 घंटे में सुलझाया किडनैपिंग केस, लॉ छात्रा को किया बरामद, आरोपी अवैध पिस्टल के साथ अरेस्ट

Law Student Kidnapping In Gwalior: ग्वालियर में पुलिस ने लॉ कॉलेज की छात्रा के अपहरण की गुत्थी सुलझाई। पुलिस ने 30 घंटे के अंदर छात्रा को बरामद किया। अवैध पिस्टल के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Gwalior Kidnapping Case
पीड़ित छात्रा के साथ आरोपी, आरोपी की कार और अवैध पिस्टल (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Gwalior Crime News: ग्वालियर में लॉ कॉलेज की छात्रा के सनसनीखेज अपहरण के मामले में पुलिस ने 30 घंटे के भीतर छात्रा को सुरक्षित बरामद कर आरोपी दीपू उर्फ जीतू तोमर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस अभियान को 'ऑपरेशन हॉट परसूट' नाम दिया था।

घटना 6 मई की है, जब महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के पास छात्रा का कथित तौर पर सफेद बलेनो कार में अपहरण कर लिया गया था। छात्रा की मां की शिकायत पर कंपू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले

एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में 20 पुलिस टीमें बनाई गईं। ग्वालियर, झांसी, दतिया, शिवपुरी और कानपुर समेत कई शहरों में 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी निगरानी की गई। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और बिना नंबर प्लेट की गाड़ी का इस्तेमाल कर रहा था।

अवैध पिस्टल भी बरामद

आखिरकार पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर और उरई के बीच से पकड़ लिया। उस समय वह छात्रा के साथ बस से लखनऊ से इंदौर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है।

पॉक्सो एक्ट में जेल जा चुका है आरोपी

आरोपी ने गुरुवार दोपहर को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने युवती को बगल में बैठा रखा था. उसमें उसने बताया कि उसने कोई अपहरण नहीं किया है. युवती से उसका दो साल से संबंध है, लेकिन एक महीने से मिस अंडर स्टेडिंग हो गई थी इसीलिए हम उसे साथ लाए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी छात्रा को धमकाने, पीछा करने और शादी के लिए दबाव बनाने के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com