Gwalior Electronic Traders On UPI Charges: डिजिटल पेमेंट आज आम आदमी से लेकर बड़े कारोबारियों तक की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। खासकर यूपीआई के जरिए कुछ ही सेकंड में भुगतान हो जाता है। लेकिन अब यूपीआई ट्रांजैक्शन पर चार्ज लगाए जाने की चर्चा के बीच व्यापारियों की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। इसी मुद्दे को लेकर हमने ग्वालियर के राजीव प्लाजा मोबाइल मार्केट में दुकानदारों से बातचीत की और उनकी राय जानी।
दुकानदारों का कहना है कि अगर यूपीआई से होने वाले लेनदेन पर किसी तरह का अतिरिक्त चार्ज लगाया जाता है तो इसका सीधा असर उनके कारोबार और आमदनी पर पड़ेगा। मोबाइल मार्केट में बड़ी संख्या में ग्राहक ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में छोटे-छोटे भुगतान पर भी अगर चार्ज कटता है तो दिनभर के कारोबार में इसका असर देखने को मिल सकता है।
ग्वालियर के राजीव प्लाजा मोबाइल मार्केट में मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी करने वाले बड़ी संख्या में ग्राहक यूपीआई से भुगतान करते हैं। दुकानदारों के मुताबिक डिजिटल पेमेंट से लेनदेन आसान और तेज होता है लेकिन दुकानदारों का कहना है कि यदि यूपीआई ट्रांजैक्शन पर चार्ज लगाया जाता है, तो छोटे व्यापारियों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन सकता है। व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही कारोबार में कई तरह के खर्च जुड़े हुए हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क उनकी कमाई को प्रभावित कर सकता है।
कुछ दुकानदारों ने कहा कि यदि यूपीआई पेमेंट पर चार्ज लागू होता है, तो वे ग्राहकों से ज्यादा से ज्यादा नकद भुगतान लेने को प्राथमिकता देंगे। हालांकि उनका कहना है कि ग्राहक की सुविधा के लिए डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था भी जारी रखनी पड़ेगी।
फिलहाल यूपीआई भुगतान को लेकर व्यापारियों के बीच चार्ज की चर्चा जरूर है लेकिन दुकानदारों की चिंता साफ है कि डिजिटल पेमेंट पर अतिरिक्त लागत बढ़ने से उनके कारोबार पर असर पड़ सकता है। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर सरकार की ओर से क्या स्थिति स्पष्ट की जाती है और इसका व्यापारियों पर वास्तविक प्रभाव क्या पड़ता है।