सर्दी आते ही बढ़ जाती है ग्वालियर के कालीन कारोबार की रफ्तार  फोटो सोर्स - नवभारत
ग्वालियर

Gwalior Carpet : अमेरिका-यूरोप तक जाते हैं ग्वालियर के कालीन, सर्दी का मौसम आते ही कारोबार में आ जाती है तेजी

Gwalior Carpet Industry : मुगलकाल से जुड़ी इस सैकड़ों साल पुरानी कारीगरी को कारीगर पीढ़ियों से अपने हुनर और मेहनत के दम पर जिंदा रखे हुए हैं। कालीन कारोबार की सर्दियों में रफ्तार बढ़ जाती है।

निशांत तिवारी, शाजेब खान

Highlights :

  • ग्वालियर की कालीन कारीगरी का इतिहास मुगलकाल से जुड़ा बताया जाता है।

  • महिला कारीगर कई दशकों से हाथों से कालीन बनाने के काम में जुटी हैं।

  • सर्दी शुरू होते ही ग्वालियर के कालीन कारोबार में तेजी।

  • शादी के सीजन में भी बढ़ जाते हैं कालीनों के ऑर्डर।

Gwalior Carpet Industry Growth Winter Season : सर्दियों का मौसम शुरू होते ही ग्वालियर के पारंपरिक कालीन कारोबार की रफ्तार बढ़ने लगती है। ठंड से बचाव और घरों की सजावट के लिए लोग कालीन खरीदना पसंद करते हैं। फर्श, बेडरूम और ड्राइंग रूम की खूबसूरती बढ़ाने वाले इन कालीनों की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रहती है।

वहीं सर्दियों में होने वाली शादियां के सीजन में भी इस कारोबार को नई गति मिलती है। लेकिन ग्वालियर की कालीन कारीगरी की पहचान केवल कारोबार तक सीमित नहीं है बल्कि इसके पीछे सैकड़ों साल पुराना इतिहास और पीढ़ियों से जुटे कारीगरों की मेहनत भी शामिल है।

सर्दियों में बढ़ जाते हैं कालीनों के ऑर्डर

आपको बता दें ठंड बढ़ने के साथ साथ ही ग्वालियर में कालीन बनाने और बेचने के कारोबार में तेजी आने लगती है। लोग घरों को गर्माहट देने और आकर्षक बनाने के लिए कालीन खरीदते हैं। कोई फर्श पर बिछाने के लिए तो कोई सोफे के नीचे और बेडरूम की सजावट के लिए कालीन पसंद करता है। इसके अलावा शादी के सीजन में नए घरों और वैवाहिक आयोजनों की तैयारियों के चलते भी कालीनों के ऑर्डर बढ़ जाते हैं। यही वजह है कि सर्दियों को इस कारोबार का खास मौसम माना जाता है।

मुगलकाल से जुड़ा है कालीन कारीगरी का इतिहास

ग्वालियर की कालीन बनाने की परंपरा का इतिहास सैकड़ों साल पुराना बताया जाता है। इतिहास के मुताबिक मुगलकाल में फारस से आए कारीगरों ने यहां कालीन बनाने की कला को पहचान दिलाई। इसके बाद सिंधिया राजघराने ने इस पारंपरिक कारीगरी को राजाश्रय दिया। अंग्रेजों के दौर में कारोबार का विस्तार हुआ और ग्वालियर में तैयार होने वाले कालीन अमेरिका और यूरोप तक पहुंचने लगे।

पीढ़ियों से हुनर को जिंदा रख रही हैं महिला कारीगर

ग्वालियर शहर की कालीन कारीगरी की असली पहचान वे कारीगर हैं जो अपने हाथों से धागों को जोड़कर खूबसूरत डिजाइन तैयार करते हैं। आज भी कई परिवार पीढ़ियों से इस काम से जुड़े हुए हैं। महिला कारीगरों के मुताबिक वे इंदिरा गांधी के समय से इस पारंपरिक काम में लगी हुई हैं। कई दशकों के अनुभव और मेहनत के जरिए उन्होंने इस कला को आगे बढ़ाया है। उनके लिए कालीन बनाना केवल रोजगार नहीं बल्कि अपनी विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

मशीनों के दौर में पारंपरिक हुनर को बचाने की चुनौती

बाजार में मशीनों से तैयार होने वाले उत्पादों की बढ़ती मौजूदगी के बीच हाथों से कालीन बनाने वाले कारीगरों के सामने कई चुनौतियां हैं। हालांकि हाथों से तैयार कालीनों की डिजाइन बुनावट और कारीगरी उन्हें अलग पहचान देती है। सर्दियों में बढ़ती मांग इन कारीगरों के लिए रोजगार और आमदनी के नए अवसर लेकर आती है। ऐसे में ग्वालियर की ये पारंपरिक कला आज भी अपने हुनर और विरासत के दम पर बाजार में अपनी जगह बनाए हुए है।

Delimitation Bill: क्या मोदी सरकार परिसीमन बिल पास करा पाएगी? जानें BJP का नया फॉर्मूला

तिरुपरंकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पीएम मोदी ने किया दिल से स्वागत, बोले- जय मुरुगन

उरी के भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, अकेली बची 11 साल की मासूम; वलीमा से घर लौट रहा था परिवार

दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'