

ग्वालियर के संजीवनी क्लीनिक में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल तस्वीर आई सामने।
शाम 4 बजे से पहले ही क्लीनिक पर लटक जाता है ताला।
नवभारत लाइव की पड़ताल में डॉक्टर और कर्मचारी क्लीनिक में नहीं मिले मौजूद।
एंट्री रजिस्टर में 25 से 30 मरीजों की दर्ज मिली एंट्री।
Sanjeevani Clinic Gwalior Bad Facilities: आम जनता को बेहतर और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मकसद से खोले गए ग्वालियर में संजीवनी क्लीनिक में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है।
दरअसल, ग्वालियर की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। संजीवनी क्लीनिक पर शाम 4 बजे से पहले ही कुंडी लगाकर कर्मचारी अपने-अपने घर चले जाते हैं।
जब नवभारत लाइव की टीम मौके पर पहुंची तो क्लीनिक में डॉक्टर भी मौजूद नहीं मिले। हैरानी की बात यह है कि ग्वालियर शहर की संजीवनी क्लीनिक के एंट्री रजिस्टर की जांच करने पर उसमें करीब 25 से 30 मरीजों की एंट्री दर्ज मिली लेकिन मौके पर मरीजों का उपचार करने के लिए डॉक्टर ही नहीं थे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब डॉक्टर ही क्लीनिक में मौजूद नहीं हैं तो मरीजों का इलाज कौन कर रहा है?
सिर्फ डॉक्टरों की अनुपस्थिति ही नहीं बल्कि क्लीनिक की साफ-सफाई और जरूरत की बुनियादी सुविधाओं की हालत भी बेहद खराब नजर आई। क्लीनिक के बाहर कचरे का अंबार लगा हुआ मली। वहीं महिलाओं के लिए बनाए गए बाथरूम की व्यवस्थाएं तो पूरी तरह बदहाल हैं। स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर किए गए बड़े-बडे़ दावों की हकीकत यहां साफ दिखाई दे रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संजीवनी क्लीनिक का संचालन निर्धारित समय के अनुसार हो रहा है रजिस्टर में मरीजों की एंट्री होने के बावजूद डॉक्टर कहां गायब हैं क्या स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को इस लापरवाही की जानकारी नहीं है।