ग्वालियर में हुए ऑक्सीजन टेंकर में ब्लास्ट  फोटो सोर्स - नवभारत
ग्वालियर

ग्वालियर में ऑक्सीजन टैंकर ब्लास्ट का खौफनाक CCTV फुटेज आया सामने,धमाके से उखड़े पेड़ और ढही फैक्ट्री की दीवार

Gwalior Oxygen Tanker Blast : ग्वालियर के पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में ऑक्सीजन टैंकर ब्लास्ट का CCTV फुटेज सामने आया। धमाके से पेड़ उखड़े, फैक्ट्री की दीवार और आसपास के शीशे क्षतिग्रस्त हुए।

निशांत तिवारी, शाजेब खान

Highlights :

  • ग्वालियर के पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में ऑक्सीजन टैंकर में भीषण ब्लास्ट।

  • घटना का CCTV फुटेज सामने आया, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल।

  • धमाके से ट्रक और टैंकर के परखच्चे उड़े।

Gwalior Oxygen Tanker Blast CCTV Footage : ग्वालियर शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में ऑक्सीजन टैंकर में हुए भीषण ब्लास्ट का CCTV फुटेज सामने आया है। धमाका इतना तेज था कि ट्रक और टैंकर के परखच्चे उड़ गए। फैक्ट्री परिसर में लगे भारी भरकम पेड़ जड़ से उखड़ गए और बाउंड्री वॉल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास की फैक्ट्रियों के शीशे तक टूटकर जमीन पर बिखर गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

धमाके के साथ आसमान में उठा आग का गोला

महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में शिवा कम्प्रेस्ड एयर प्रोडक्ट नाम की फैक्ट्री है। शुक्रवार दोपहर बाद फैक्ट्री की पार्किंग में खड़े ऑक्सीजन टैंकर में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। घटना के CCTV फुटेज आधी रात के बाद सामने आए जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक फुटेज में धमाके के साथ आग का बड़ा गोला तेजी से हवा में उठता दिखाई दे रहा है। इसके बाद पूरा फैक्ट्री परिसर धुएं के गुबार से घिर गया।

जड़ से उखड़े पेड़, बाउंड्री वॉल भी क्षतिग्रस्त

ब्लास्ट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री परिसर में लगे भारी पेड़ जड़ सहित उखड़ गए। धमाके के असर से फैक्ट्री की बाउंड्री वॉल भी बुरी तरह हिल गई और क्षतिग्रस्त हो गई। एक अन्य CCTV फुटेज में धमाके के बाद धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दे रहा है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग और जानवर अपनी जान बचाकर भागते नजर आए।

दूसरी फैक्ट्री के शीशे टूटकर जमीन पर बिखरे

घटनास्थल के पास स्थित गायत्री ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में भी ब्लास्ट का असर दिखाई दिया। धमाके की वजह से फैक्ट्री के अंदर लगे शीशे टूटकर जमीन पर बिखर गए। वहां के स्टाफ ने घटना के बाद फैक्ट्री के अंदरूनी हालात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। धमाके के बाद सड़क से गुजर रहे लोग भी दहशत में आ गए। CCTV फुटेज में कुछ लोग और आवारा पशु धमाके की आवाज सुनकर भागते दिखाई दे रहे हैं।

दीपावली की छुट्टियों के कारण कम थे मजदूर

ग्वालियर शहर में स्थानीय लोगों के मुताबिक फैक्ट्री के अधिकांश मजदूर दीपावली की छुट्टियां मनाने अपने घर गए हुए थे। इसी वजह से घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारियों की संख्या कम थी। लोगों का कहना है कि आसपास के बच्चे अक्सर शाम के समय इस इलाके में खेलते हैं, लेकिन ब्लास्ट दोपहर बाद हुआ। उस समय घटनास्थल के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यही वजह रही कि इतने भीषण धमाके के बावजूद जनहानि नहीं हुई।

ब्लास्ट की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल ऑक्सीजन टैंकर में हुए ब्लास्ट की असल वजह सामने नहीं आई है। अब तक किसी की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी भी नहीं मिली है। हालांकि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस धमाके के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टैंकर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे तकनीकी खराबी या कोई अन्य कारण था।

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत

कौन हैं अवीवा बेग, जो सोनिया गांधी की किताब से आईं सुर्खियों में? रेहान वाड्रा से है खास रिश्ता