Highlights:
गुना के आरोन से अचानक लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी।
CCTV फुटेज में एक युवक के साथ बाइक पर जाती दिखाई दी लड़की।
परिजनों ने कुलदीप कुशवाह नामक युवक पर लगाया लड़की को ले जाने का आरोप।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू की।
Guna Missing Girl Case : गुना के आरोन में 16 साल की लड़की के लापता होने से परिवार परेशान है। सामने आए CCTV फुटेज में किशोरी रात के अंधेरे में एक युवक के साथ बाइक पर जाती दिखाई दे रही है। किशोरी की मां ने कुलदीप कुशवाह नाम के युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है।
इधर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है। इस बीच परिवार को कुछ ऐसे फोन कॉल भी आए, जिनमें किशोरी को तलाशने और आरोपी को पकड़वाने के नाम पर पैसों की मांग की गई है।
लड़की के परिजनों का कहना है कि 22 नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब एक बजे मां की नींद खुली तो बेटी अपने बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
किशोरी का पता लगाने के लिए परिजनों ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। इनमें 23 नवंबर की रात 12:12 बजे किशोरी एक युवक के साथ बाइक पर जाती नजर आई। फुटेज में युवक उसे अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है। परिजनों ने यह रिकॉर्डिंग पुलिस को भी सौंपी है। मां ने युवक कुलदीप कुशवाह पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया है। परिजनों की शिकायत पर गुना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
इधर किशोरी के जीजा का आरोप है कि परिवार के पास अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आ रहे है। कॉल करने वालों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दावा किया कि किशोरी मिल गई है। इसके बाद उसे वापस लाने और आरोपी को गिरफ्तार करने के नाम पर रुपए मांगे गए। जांच में ये कॉल फर्जी पाए गए हैं।
बेटी का पता नहीं चलने और फर्जी फोन कॉल आने के बाद परिजन बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने एएसपी को पूरे मामले की जानकारी दी और किशोरी का पता लगाने की मांग की है।