

Highlights :
सागर में शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य जांच को लेकर विवाद।
मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर सर्वेश जैन ने वीडियो जारी कर उठाए सवाल।
डॉक्टर बोले- अस्पतालों में मरीजों का इलाज कौन करेगा?
नशे की समस्या के समाधान के लिए नशामुक्ति केंद्र और काउंसलिंग पर दिया जोर।
Doctors Deployed Outside Liquor Shops in Sagar : सागर जिले में शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लोगों की जांच किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर सर्वेश जैन ने वीडियो जारी कर इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने वर्षों की पढ़ाई और विशेषज्ञ प्रशिक्षण इसलिए नहीं लिया कि उन्हें कलारी के बाहर ड्यूटी पर तैनात कर दिया जाए।
वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य परीक्षण एक सामान्य जनस्वास्थ्य गतिविधि है और इसे शराब खरीदने की प्रक्रिया से जोड़ना भ्रामक है।
डॉक्टर सर्वेश जैन ने वीडियो में कहा कि डॉक्टरों की जिम्मेदारी मरीजों का इलाज करना है। उन्होंने सवाल उठाया कि मेडिकल की पढ़ाई विदेश से फेलोशिप और दिल्ली में सीनियर रेजिडेंसी करने के बाद क्या डॉक्टरों को शराब दुकानों के बाहर बैठकर जांच करने के लिए तैनात किया जाना चाहिए? उनके मुताबिक आदतन शराब पीने वाले लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए शराब के बजाय व्यक्ति और उसकी लत को केंद्र में रखकर काम किया जाना चाहिए।
डॉक्टर जैन का कहना है कि शराब की लत और जहरीली शराब जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए केवल दुकानों के बाहर स्वास्थ्य जांच पर्याप्त नहीं है। इसके लिए नशामुक्ति केंद्रों, इलाज और काउंसलिंग की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि यदि डॉक्टरों को कलारी के बाहर तैनात किया जाएगा तो अस्पतालों में मरीजों का इलाज कौन करेगा। सर्वेश जैन मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन सागर में पदाधिकारी निर्वाचित हुए हैं और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की सागर शाखा के पूर्व सचिव भी रह चुके हैं।
नवभारत से बातचीत में डॉ सर्वेश जैन ने जहरीली शराब के मामलों और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पूर्व कलेक्टर और एसपी को आरोपों के आधार पर हटाने से मौजूदा अधिकारियों पर दबाव बना है। उनके मुताबिक जहरीली शराब एक गंभीर समस्या है और इस पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है लेकिन सामान्य मौतों को भी बिना पुष्टि जहरीली शराब से जोड़कर देखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति में प्रशासन के सामने भी चुनौती खड़ी होती है।
विवाद के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि जिले में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और जनस्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाती हैं। इन जांचों को मदिरा खरीदने या प्राप्त करने की प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत करना तथ्यहीन और भ्रामक है। विभाग ने स्पष्ट किया कि शराब खरीदने से पहले किसी व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं किया गया है।
विभाग के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यदि किसी व्यक्ति में आदतन या अत्यधिक मदिरा सेवन की जानकारी मिलती है तो उसका आवश्यक परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे लोगों को शराब के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। विभाग ने इसे शासन के नशामुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा बताया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान के वास्तविक उद्देश्य को समझें और तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक जानकारी प्रसारित न करें। इस पूरे मामले में एक ओर डॉक्टरों की तैनाती और स्वास्थ्य सेवाओं की प्राथमिकता को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो दूसरी ओर विभाग इसे सामान्य स्वास्थ्य जांच और नशामुक्ति जागरूकता अभियान का हिस्सा बता रहा है।