स्टॉप डैम नहीं होने से नदी पार कर स्कूल जाते बच्चे फोटो सोर्स- नवभारत
डिण्‍डौरी

डिंडौरी में 5 साल से अधूरा स्टॉप डैम:2 बार भूमि पूजन फिर भी शुरू नहीं हुआ काम, नदी पार कर स्कूल जाते हैं बच्चे

Dindori Tudar River : डिंडौरी के टफिया टोला में तुड़ार नदी पर स्टॉप डेम का 2021 और 2023 में दो बार लोकार्पण हुआ, लेकिन 5 साल बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। बच्चे नदी पार कर स्कूल जाते हैं।

दीपक ताम्रकार, प्रीतेश जैन

Dindori Stop Dam : डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड की ग्राम पंचायत सेनगुड़ा के पोषक ग्राम टफिया टोला में तुड़ार नदी पर प्रस्तावित काजवे कम स्टॉप डैम का मामला सरकारी दावों और जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस निर्माण का वर्ष 2021 और 2023 में दो बार लोकार्पण किया जा चुका है, लेकिन पांच साल बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक शुरुआत में स्टॉप डैम निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग को दी गई थी। कम लागत होने के कारण बाद में परियोजना की राशि बढ़ाकर करीब 72 लाख रुपये स्वीकृत की गई और काम जल संसाधन विभाग को सौंप दिया गया। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने से नदी के दूसरी ओर बसे गांवों के लोगों की परेशानी बरकरार है।

बारिश में नदी पार करना बनता है मजबूरी

भारी बारिश के दौरान तुड़ार नदी का जलस्तर बढ़ने पर टफिया टोला और आसपास के गांवों के लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। नदी पर स्थायी आवागमन की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें परिजन कई बार पहले उनका बैग दूसरी ओर पहुंचाते हैं और फिर छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर नदी पार कराते हैं।

करीब 50 बच्चे इसी रास्ते से जाते हैं स्कूल

ग्रामीणों के अनुसार सेनगुड़ा हाईस्कूल में पढ़ने वाले करीब 50 बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। बारिश के दिनों में नदी का पानी बढ़ने पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ बच्चों ही नहीं, बल्कि मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक ले जाने में भी यह रास्ता बड़ी बाधा बन जाता है।

कई गांवों के आवागमन का मुख्य रास्ता

टफिया टोला से नदी के दूसरी ओर बसे कई गांवों के लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होता है। स्टॉप डैम बनने से न सिर्फ बारिश के मौसम में आवागमन आसान होगा, बल्कि ग्रामीणों को नदी पार करने के जोखिम से भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से योजना स्वीकृत होने और दो बार लोकार्पण के बावजूद निर्माण शुरू नहीं होना चिंता का विषय है।

ग्रामीणों ने जल्द निर्माण की मांग की

ग्रामीण मथुरा सारीवान और सरपंच देव नेटी सहित स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्टॉप डैम का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ता है तो किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। उनकी मांग है कि संबंधित विभाग मौके पर निर्माण शुरू कराकर वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करे।

सपा नेता सिनोद शाक्य को BJP ने बनाया प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही लिस्ट

Hotel Room Safety: होटल में चेक-इन करते ही करें ये 10 जरूरी काम, सुरक्षा में न करें लापरवाही

गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, गोलीबारी में 6 लोगों की मौत; सामने आया खौफनाक VIDEO

SIR पर विपक्ष के प्रदर्शन के जवाब में सड़क पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री! क्या है BJP का प्लान?

SIR के तीनों आदेश सर्वसम्मति से लिए गए, चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में जवाब