धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
डिण्‍डौरी

डिंडौरी : 26.24 करोड़ की धान खरीदी का घोटाला, 140 किसानों के नाम पर फर्जीवाड़ा, मंडी सचिव निरीक्षक पर कार्रवाई

Dindori Scam : डिंडौरी में 140 किसानों के नाम पर 26.24 करोड़ रुपये की फर्जी धान खरीदी उजागर हुई है। व्यापारी और राइस मिल संचालक पर FIR। मंडी अधिकारियों के निलंबन का प्रस्ताव भोपाल भेजा।

सुधीर दंडोतिया, शाजेब खान

Highlights :

  • डिंडौरी में 26.24 करोड़ रुपये की धान खरीदी में फर्जीवाड़ा।

  • 140 किसानों के नाम पर 1.22 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी दर्ज।

  • सत्यापन में 16 विक्रेताओं ने धान बेचने और भुगतान मिलने से किया इनकार।

Dindori 26 Crore Paddy Procurement Fraud : डिंडौरी जिले में धान खरीदी, परिवहन और कस्टम मिलिंग के नाम पर 26 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक की अनियमितता सामने आई है। जांच में हरिहर ट्रेडर्स के ई-अनुज्ञा पोर्टल पर 140 किसानों के नाम से 1,22,584.50 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज मिली। सत्यापन के लिए चुने गए 16 विक्रेताओं ने धान बेचने और भुगतान प्राप्त करने से इनकार कर दिया।

जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्टॉक तैयार कर महाराष्ट्र और तेलंगाना भेजने, कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी और अमानक चावल जमा कराने के आरोप भी सामने आए हैं। कलेक्टर ने व्यापारी और राइस मिल संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंडी सचिव और निरीक्षक को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा गया है। दोनों के निलंबन का प्रस्ताव भी भोपाल भेजा गया है।

140 किसानों के नाम पर 26.24 करोड़ की खरीदी दर्ज

जांच के अनुसार हरिहर ट्रेडर्स के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा ने 1 जनवरी से 27 अक्टूबर 2026 के बीच ई अनुज्ञा पोर्टल पर 140 धान विक्रेताओं से 1,22,584.50 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज कराई। इसका कुल मूल्य 26 करोड़ 24 लाख 23 हजार 68 रुपये 60 पैसे दर्शाया गया। इस पर 33 लाख 32 हजार 164 रुपये मंडी शुल्क और 5 लाख 24 हजार 846 रुपये निराश्रित शुल्क जमा होना भी रिकॉर्ड में दर्ज है। जांच दल ने 140 विक्रेताओं में से 16 के बयान लिए।

इनके नाम पर 45,986.50 क्विंटल धान की खरीदी और करीब 9.94 करोड़ रुपये भुगतान दर्ज था। लेकिन इन लोगों ने धान बेचने और कोई भुगतान मिलने से इनकार किया। जांच के मुताबिक, इनमें भूमिहीन, अत्यल्प भूमि धारक मजदूर और बीपीएल श्रेणी के हितग्राही शामिल हैं।

कुछ लोग हरिहर ट्रेडर्स में 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर काम करते हैं। आरोप है कि इनके नाम, मोबाइल नंबर और आधार विवरण का दुरुपयोग कर फर्जी खरीदी प्रविष्टियां दर्ज की गईं।

कागजों पर तैयार धान का स्टॉक महाराष्ट्र और तेलंगाना भेजा

जांच के अनुसार पोर्टल पर दर्ज फर्जी खरीदी के आधार पर धान का स्टॉक तैयार किया गया। इसी स्टॉक से महाराष्ट्र राज्य के व्यापारियों को 1,21,814.65 क्विंटल और तेलंगाना के व्यापारियों को 978 क्विंटल धान भेजना दर्ज पाया गया। इस तरह कुल 1,22,792.65 क्विंटल धान दूसरे राज्यों में भेजे जाने का रिकॉर्ड सामने आया है। जांच के दौरान मिल परिसर में खड़े 6 ट्रकों का निरीक्षण भी किया गया। इनमें एक ट्रक में प्लास्टिक की बोरियों में धान लोड मिला।

खुले बाजार से चावल खरीदकर सरकारी गोदाम में जमा कराने का आरोप

जांच में आरोप है कि हरिहर राइस मिल ने शासकीय धान की मिलिंग करने के बजाय खुले बाजार से चावल खरीदकर निगवानी गोदाम परिसर में कस्टम मिल्ड राइस के रूप में जमा कराया। 17 नवंबर 2026 को हुए गुणवत्ता परीक्षण में गोदाम क्रमांक 17 के स्टेक नंबर 12 में 42.45 प्रतिशत और गोदाम क्रमांक 15 के स्टेक नंबर 10 में 47.20 प्रतिशत टूटा हुआ चावल मिला। इसे निर्धारित गुणवत्ता मानकों से अधिक बताया गया है। चावल को गुणवत्ता के अनुरूप करने के लिए 26 नवंबर को पत्र भी जारी किया गया था।

व्यापारी और राइस मिल संचालक पर FIR के निर्देश

डिंडौरी जिले जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कलेक्टर ने 28 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर तहसीलदार बजाग को हरिहर ट्रेडर्स के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा और हरिहर राइस मिल के संचालक सोनेश खनूजा के खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 और मध्यप्रदेश चावल अधिप्राप्ति आदेश, 1970 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मंडी सचिव और निरीक्षक को नोटिस, निलंबन प्रस्ताव भोपाल भेजा

मंडी सचिव अशोक राजपूत और मंडी निरीक्षक गुलाब सिंह धुर्वे को सात दिन के भीतर जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि पद पर बने रहने से जांच से जुड़े अभिलेखों और साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है। इसी आधार पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का प्रस्ताव मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक को भोपाल भेजा गया है। फिलहाल निलंबन पर सक्षम प्राधिकारी का निर्णय होना बाकी है।

विपक्ष को एकजुट रखने की कोशिश फेल, आज एम.के. स्टालिन और शरद पवार से मिलेंगे खरगे, सोनिया गांधी भी होगी साथ

Delimitation Bill Live: परिसीमन बिल के विरोध में दिल्ली पहुंचीं ममता बनर्जी, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

छत से गिरा, खंभे पर लटका, लड़के ने डॉग को फांसी से बचाया; देखें वीडियो

Delimitation Bill: परिसीमन पर राहुल को कनिमोझी की दोटूक, EWS आरक्षण का जिक्र कर कांग्रेस से पूछा तीखा सवाल

Aaj Ka Mausam: अंडमान-दक्षिण में बारिश और हवाओं का अलर्ट, उत्तर भारत में कोहरे की दस्तक, जानें आपके शहर का हाल