

Highlights :
जबलपुर में 8.68 करोड़ रुपये से ज्यादा का कथित जीएसटी फर्जीवाड़ा।
1 मार्च 2022 से 26 दिसंबर 2025 के बीच की बताई गई घटना।
स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर से MARG अकाउंटिंग डेटा हासिल करने का आरोप।
जीएसटी रिटर्न के नाम पर कारोबारियों के मोबाइल ओटीपी लेने की शिकायत।
Jabalpur 8.68 Crore GST Fraud case : जबलपुर में 8 करोड़ 68 लाख रुपये से ज्यादा का कथित जीएसटी फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि कारोबारियों के कंप्यूटर से स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए MARG अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा हासिल किया गया और जीएसटी रिटर्न फाइल करने के नाम पर मोबाइल पर आने वाले ओटीपी का इस्तेमाल कर फर्जी बिलिंग की गई।
मामले में महादेव फार्मा के प्रोपराइटर दीपांशु दीक्षित सहित आठ कारोबारियों ने EOW में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर EOW ने कई कारोबारियों और एक अकाउंटेंट के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक ये फर्जीवाड़ा 1 मार्च 2022 से 26 दिसंबर 2025 के बीच किया गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने पहले कारोबारियों का विश्वास हासिल किया और फिर उनके कंप्यूटर तक पहुंच बनाकर अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा अपने सिस्टम में हासिल कर लिया। इसके बाद इस डेटा का इस्तेमाल फर्मों के बिल और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में हेरफेर करने के लिए किया गया।
EOW को दी गई शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर के माध्यम से कारोबारियों के कंप्यूटर से MARG अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा प्राप्त किया। जीएसटी रिटर्न फाइल करने के नाम पर कारोबारियों के मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी भी हासिल किए गए। आरोप है कि इसी जानकारी का इस्तेमाल कर फर्मों के इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में बदलाव किए गए और फर्जी बिल तैयार किए गए।
जबलपुर जिला में शिकायत करने वालों के अनुसार बिना किसी वास्तविक माल की खरीद बिक्री और व्यावसायिक लेनदेन के फर्जी बिलिंग की गई। आरोप है कि शिकायतकर्ताओं की फर्मों के ITC और फर्जी टर्नओवर को आरोपियों तथा उनके परिजनों के स्वामित्व वाली फर्मों में स्थानांतरित किया गया। इस पूरे मामले में 8 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की राशि के कथित फर्जीवाड़े की बात सामने आई है।
EOW ने यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के प्रोपराइटर आशीष कोटवानी, निखिल इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के प्रोपराइटर अशोक कोटवानी, महाकाल मेटल की प्रोपराइटर जसमीत कोटवानी और अकाउंटेंट योगेश साहू के नाम मामले में शामिल किए हैं। इनके खिलाफ BNS की धारा 316(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इन धाराओं में आपराधिक न्यासभंग, धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े आरोप शामिल हैं। EOW ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।