Highlights :
देवास के चंदाना गांव में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई।
अवैध शराब बेचने के आरोप में 10 आरोपी गिरफ्तार।
वरना कार की तलाशी में देशी शराब की छह पेटियां बरामद।
गिरफ्तार आरोपियों में मैनेजर और सेल्समैन भी शामिल।
Dewas police arrest 10 accused in illegal liquor case: देवास जिले के चंदाना गांव में दो लोगों की मौत के बाद अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने शराब बेचने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक वरना कार से देशी शराब की 6 पेटियां भी बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक चंदाना गांव में 15 और 18 अक्टूबर को दो लोगों की मौत हुई थी। इन मामलों की जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और दूसरे लोगों ने विनोद जायसवाल पर गांव में अवैध शराब बेचने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई।
26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद प्रताप नगर, अंबेडकर नगर क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान एमपी 09 सीएफ 3645 नंबर की सफेद वरना कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा सवार थे। तलाशी के दौरान डिक्की से देशी शराब की छह पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर अवैध शराब के कारोबार से जुड़े कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद जायसवाल, अजय उर्फ अज्जू राठौर, रामेश्वर सोनगरा, नितिन सोलंकी,चंद्रशेखर बैरागी, सत्येन्द्र ओझा, राजदेव पटेल, जुगल, राजेंद्र निनामा और विशाल चौहान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें कुछ मैनेजर और सेल्समैन भी हैं।
देवास जिले के चंदाना गांव में दो लोगों की मौत के बाद अवैध शराब की बिक्री को लेकर सामने आई जानकारी ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है। हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि मृतकों ने इसी नेटवर्क से शराब खरीदी थी या नहीं। बरामद शराब और मौतों के बीच संबंध की पुष्टि जांच तथा एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
एमपी पुलिस की कार्रवाई के बाद अब सबसे अहम सवाल मौतों की वास्तविक वजह का है। जांच में ये भी स्पष्ट होना बाकी है कि कथित अवैध शराब कारोबार का मृतकों की मौत से कोई सीधा संबंध था या नहीं। फिलहाल,10 आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की बरामदगी के मामले में आगे की जांच जारी है।