Skeleton Found In Datia: दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र मेँ करीब एक साल पहले लापता हुए एक व्यक्ति के मामले में पुलिस ने एक नर कंकाल बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि यह कंकाल ग्राम छता निवासी उदयभान चौहान का हो सकता है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि डीएनए जांच के बाद ही होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी विनायक शुक्ला खुद मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाल ली है।
दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र के ग्राम छता निवासी उदयभान चौहान करीब एक वर्ष पहले अचानक लापता हो गया था। परिजन और गांव के लोग लगातार यही बताते रहे कि उदयभान मुंबई में मजदूरी करने गया है लेकिन समय बीतने के बावजूद उसके वापस नहीं लौटने और गांव में उठ रही चर्चाओं ने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया।
मामले की जानकारी मीडिया, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैलने के बाद एसडीओपी विनायक शुक्ला ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस टीम गांव पहुंची और कई लोगों से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक स्थान पर खुदाई कराई, जहां से एक नर कंकाल बरामद हुआ। कंकाल मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बरामद नर कंकाल लापता उदयभान चौहान का हो सकता है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच का इंतजार कर रही है। कंकाल को सुरक्षित कब्जे में लेकर डीएनए परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही कंकाल की वास्तविक पहचान और मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में 'लापता' विधायक कमलनाथ की तलाश: पोस्टर लगाकर ग्रामीणों ने जताया विरोध, जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सकता है। फिलहाल पुलिस हत्या गुमशुदगी और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कर रही है।
https://www.youtube.com/watch?v=GrHGDtfqIRY