दतिया में युवक का अपहरण फोटो सोर्स- नवभारत
दतिया

दतिया में सरेराह युवक का अपहरण, पुलिस लिखी स्कॉर्पियो में डालकर ले गए 5-7 बदमाश, घेराबंदी होते ही छोड़ा

Datia Crime News : दतिया के हाड़ा पहाड़ पर 5-7 बदमाशों ने युवक का सरेराह अपहरण किया। ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में ले गए, घेराबंदी के बाद इंदरगढ़ के पास छोड़कर फरार हो गए।

निशांत तिवारी, प्रीतेश जैन

Datia Kidnapping Case : दतिया के ग्वालियर-झांसी रोड स्थित हाड़ा पहाड़ पर बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण से सनसनी फैल गई। करीब 5 से 7 बदमाशों ने लोगों की मौजूदगी में युवक के साथ गाली-गलौज की और उसे जबरन स्कॉर्पियो में डालकर ले गए।

वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिस स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया गया, वह उत्तर प्रदेश नंबर UP 93 BO 3238 की बताई जा रही है। उसकी नंबर प्लेट के नीचे ‘पुलिस’ लिखा होने से कुछ देर तक मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस कार्रवाई का भ्रम भी हुआ।

युवक के चीखने पर लोगों को हुआ शक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो से कुछ लोग हाड़ा पहाड़ पहुंचे और युवक के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। युवक ने विरोध करते हुए चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो आसपास मौजूद लोगों को मामला संदिग्ध लगा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान करीब 5 से 7 लोगों ने युवक को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया और वहां से फरार हो गए।

एसपी को मिली सूचना, जिले में अलर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल जिले के संबंधित थानों को अलर्ट किया और आरोपियों की घेराबंदी के निर्देश दिए। पुलिस की कई टीमों को आरोपियों के पीछे लगाया गया।

पुलिस के दबाव में इंदरगढ़ के पास छोड़ा

पुलिस की सक्रियता और घेराबंदी के चलते आरोपी युवक को ज्यादा दूर नहीं ले जा सके। पुलिस टीमों के पीछा करने और दबाव बढ़ने की भनक लगते ही आरोपी युवक को इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में लक्ष्मणपुर रोड के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने युवक को बरामद कर उसके बयान दर्ज किए।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान

युवक के बयान के साथ पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और युवक के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

मामले में पुलिस ने दशरथ यादव, शैलेंद्र यादव, विशाल यादव, संजू यादव, राघवेंद्र यादव और विकास यादव के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण और राजीनामा के लिए दबाव बनाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश

एसएसपी दतिया मंजीत सिंह चावला ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी थानों को अलर्ट कर पुलिस टीमों को आरोपियों की घेराबंदी के लिए लगाया गया था। दतिया पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी युवक को इंदरगढ़ के पहले छोड़कर भाग गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

M3M Hurun Rich List 2026: भारत के टॉप 10 अमीर कारोबारी, जानें किसकी कितनी संपत्ति

ग्लोबल हेल्थ मीटिंग में भारत ने छोड़ी छाप, प्राइमरी से लेकर टर्शियरी केयर तक का मॉडल दुनिया को दिखाया

Women Helplines: महिला सुरक्षा के लिए सरकार की 10 सुविधाएं, हेल्पलाइन से कानूनी मदद तक; जानें कहां मिलेगी मदद

BJP नेता माधवी लता की बागलकोट में एंट्री बैन, 23 सितंबर से 23 अक्टूबर तक रोक, कानून-व्यवस्था के लिए बताया खतरा

राज ठाकरे की रैलियों में भीड़, फिर क्यों नहीं मिलते वोट? MNS चीफ ने चुनाव आयोग और BJP पर लगाए गंभीर आरोप