नवदंपति को लाया गया अस्पताल (फोटो सोर्स- नवभारत) 
दमोह

दमोह : प्रेम विवाह के बाद नवदंपति ने खाया जहर, लड़की के परिजनों पर धमकाने का आरोप

Damoh News : दमोह के पोंडी गांव में प्रेम विवाह के बाद नवदंपति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों ने लड़की के परिजनों पर धमकाने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

प्रीतेश जैन

Damoh Love Marriage Poison Case: दमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र के पोंडी गांव में प्रेम विवाह करने वाले एक नवदंपति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों को गंभीर हालत में पहले हटा सिविल अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नवदंपति का आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज लड़की के परिजन लगातार उन्हें धमका रहे थे, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले में घायल युवक की पहचान पोंडी गांव निवासी 25 वर्षीय अनिल दुबे और युवती की पहचान पन्ना जिले के अमानगंज के नयापुरा निवासी स्नेहा उर्फ नेहा विश्वकर्मा के रूप में हुई है। अनिल ने बताया कि दोनों पिछले दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। 24 जुलाई को दोनों ने अयोध्या में भगवान श्रीराम को साक्षी मानकर विवाह किया और कोर्ट मैरिज भी की। शादी के बाद दोनों पोंडी गांव में रहने लगे थे।

लगातार मिल रही थीं धमकियां

अनिल का आरोप है कि शादी के बाद से ही स्नेहा के मायके पक्ष के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। कई बार घर पर लोगों को भेजकर मारपीट कराई गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। अनिल के अनुसार शनिवार रात भी लड़की के परिजन कुछ लोगों के साथ घर पहुंचे और दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इससे दोनों दहशत में आ गए।

दहशत में उठाया आत्मघाती कदम

नवदंपति का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव से परेशान होकर उन्होंने घर में रखी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया गया।

पत्नी ने भी लगाए प्रताड़ना के आरोप

स्नेहा ने भी अपने माता-पिता और अन्य परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार धमकियां देने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि प्रेम विवाह के बाद से ही दोनों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद मड़ियादो थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

DUSU Election 2026 LIVE: दिल्ली यूनिवर्सिटी में वोटिंग शुरू, 2.75 लाख छात्र चुन रहे नया छात्र संघ

Passport Rules Changed: 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पासपोर्ट वैधता और फीस दोनों बदले, जाने नया नियम

खत्म हो रहा है PM मोदी का राजयोग? संजय राउत ने दिया ज्योतिष शास्त्र का हवाला, बोले- ग्रह छुट्टी पर नहीं जाते

IndiGo से सफर हुआ महंगा: गोद में बच्चे को बैठाने से ज्यादा सामान ले जाने तक, एयरलाइन ने बढ़ा दिए ये चार्जेस

कांग्रेस सांसद का पत्र मिलते ही 5 मिनट में आया गडकरी का फोन, तुरंत दिए कार्रवाई के निर्देश