Highlights :
छिंदवाड़ा के जाम शासकीय स्कूल में छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन।
प्राचार्य और एक शिक्षक के व्यवहार पर विद्यार्थियों ने जताई नाराजगी।
शिक्षक पर मारपीट करने और कोचिंग जाने पर आपत्ति जताने के आरोप।
Chhindwara School Student Protest : छिंदवाड़ा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जाम में शनिवार को छात्र छात्राओं ने प्राचार्य और एक शिक्षक के कथित व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने दोनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल में अपनी समस्याएं बताने और पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछने पर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता। एक शिक्षक पर मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
हंगामे और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य और संबंधित शिक्षक को तत्काल स्कूल से हटाने के निर्देश दिए।
छिंदवाड़ा जिले में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि जब वे शिक्षक से पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछते हैं तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की जाती है। इसके अलावा छात्र छात्राओं के कोचिंग जाने पर भी आपत्ति जताई जाती है। इन बातों को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ गई थी। शनिवार को छात्र छात्राएं परिजनों और ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
स्कूल में प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी जेके इडपाचे मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों, ग्रामीणों और परिजनों से चर्चा कर उनकी शिकायतें सुनीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्राचार्य और संबंधित शिक्षक को तत्काल स्कूल से हटाने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी जेके इडपाचे ने मीडिया को बताया कि विद्यार्थियों और ग्रामीणों से मिली शिकायतों के आधार पर मौके पर पहुंचकर चर्चा की गई। इसके बाद दोनों शिक्षकों को तत्काल स्कूल से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।