मुरैना में बाइक की टक्कर पर विवाद, इलाज के दौरान युवक की मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SP ऑफिस का घेराव

Bike Dispute : बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में 26 वर्षीय प्रदीप जाटव के सिर पर ईंट से हमला किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का किया घेराव ।
SP office protest Morena
युवक की मौत के बाद परिजन और सैकड़ों लोग एसपी ऑफिस का घेराव कर धरने पर बैठे फोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • मुरैना में बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद।

  • 26 वर्षीय प्रदीप जाटव के सिर पर ईंट से हमला करने का आरोप।

  • आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी कार्यालय का घेराव।

  • एसपी के आश्वासन के बाद डेढ़ घंटे में धरना समाप्त।

Morena Bike Dispute Death : मुरैना शहर में बाइक की मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा बन गया। पीछे से तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने के बाद हुए झगड़े में तीन युवकों ने दो भाइयों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर 26 वर्षीय प्रदीप जाटव के सिर पर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रदीप की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार को एसपी कार्यालय का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार घटना 26 नवंबर की शाम की है। वार्ड नंबर 35 के सबजीत का पुरा निवासी प्रदीप जाटव अपने चचेरे भाई आकाश के साथ बाइक से बेरियल चौराहे की ओर जा रहा था। दोनों श्याम विहार कॉलोनी से होते हुए VIP रोड पर प्रेम प्रकाश प्लाजा के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए तीन बाइक सवारों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रदीप और आकाश ने बाइक सावधानी से चलाने की बात कही जिस पर विवाद शुरू हो गया।

ईंट से सिर पर हमला, CCTV में कैद हुई घटना

बताया जा रहा है कि तीनों युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे। बाइक चलाने को लेकर कहासुनी के बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर प्रदीप के सिर पर मार दी। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट की घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है।

ग्वालियर में इलाज के दौरान प्रदीप की मौत

घायल प्रदीप को पहले मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार शाम करीब 5 बजे प्रदीप ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया।

एसपी कार्यालय के बाहर डेढ़ घंटे तक धरना

शनिवार दोपहर करीब 1 बजे परिजन और सैकड़ों ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंच गए। एसपी धर्मराज मीणा से तत्काल मुलाकात नहीं होने पर प्रदर्शनकारी कार्यालय के सामने मैदान में धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे सीएसपी और कोतवाली टीआई ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन अपनी शिकायत सीधे एसपी के सामने रखने की मांग पर अड़े रहे।

SP office protest Morena
उज्जैन : ठंड बढ़ते ही बदली सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण की दिनचर्या, ऊनी वस्त्र पहनाकर गर्म दूध पिलाया

एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा, धरना समाप्त

करीब डेढ़ घंटे बाद एसपी धर्मराज मीणा ने जनसुनवाई कक्ष में मृतक के परिजनों और घटना के समय उसके साथ मौजूद चचेरे भाई आकाश से बातचीत की। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग रखी। एसपी ने FIR दर्ज करने और आरोपियों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिया जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।