Chhatarpur Police Action: छतरपुर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 33 पेटी में करीब 306 लीटर अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर जब्त की है। वहीं शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामला छतरपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि महोबा रोड ब्रिज के पास एक संदिग्ध बोलेरो वाहन के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को जैसे ही संदिग्ध बोलेरो नजर आई, टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन को लेकर चालक ग्राम हमा की तरफ पहुंचा, जहां पुलिस ने घेराबंदी करते हुए बोलेरो को रोक लिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो के अंदर बड़ी मात्रा में शराब रखी मिली। पुलिस के मुताबिक वाहन से 33 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें करीब 306 लीटर अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर शामिल है।
पुलिस ने मौके से शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को जब्त कर लिया है। जब्त किए गए सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे छतरपुर में कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही बोलेरो वाहन और शराब के संबंध में भी जांच की जा रही है।