पानी सप्लाई निजी हाथों में देने पर विवाद, कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर से की शिकायत फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
भोपाल

नवभारत की खबर का असर: भोपाल में पानी सप्लाई निजी हाथों में देने पर विवाद, कांग्रेस ने कमिश्नर से की शिकायत

BMC Bhopal Water Supply : नवभारत लाइव की खबर के बाद निगम में हलचल, एमआईसी के फैसले पर परिषद की मंजूरी न होने का आरोप। कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश, कहा- जहां रहवासी चाहेंगे वहीं लागू होगी व्यवस्था।

सुधीर दंडोतिया, शाजेब खान

Highlights :

  • पानी सप्लाई और जलकर वसूली निजी एजेंसी को देने पर निगम में विवाद।

  • कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार से मुलाकात की।

  • एमआईसी पर निगम परिषद की मंजूरी के बिना फैसला लेने का आरोप।

Bhopal Water Supply Privatization : कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन रखरखाव और जलकर वसूली का काम निजी एजेंसी को सौंपने के प्रस्ताव को लेकर भोपाल नगर निगम में विवाद बढ़ गया है। नवभारत लाइव में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद बुधवार को कांग्रेस पार्षदों और नेताओं ने नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार से मुलाकात कर फैसले का विरोध किया।

कांग्रेस नेताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि नगर निगम परिषद की मंजूरी के बिना ही ये व्यवस्था लागू करने की तैयारी की गई है।

बंद कमरे में फैसला लेने और परिषद की मंजूरी नहीं लेने का आरोप

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने आरोप लगाया कि एमआईसी ने बंद कमरे में निर्णय लेकर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जलापूर्ति जैसी बुनियादी नागरिक सेवा निजी कंपनी को सौंपने की तैयारी की है। उनका कहना है कि इस प्रस्ताव को निगम परिषद के सामने नहीं रखा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि सुरक्षा और मैनपावर से जुड़ा काम करने वाली कंपनी को पानी सप्लाई और जलकर वसूली की जिम्मेदारी कैसे दी जा सकती है।

250 रु के मुकाबले 700 रु तक वसूली की आशंका

शबिस्ता जकी ने दावा किया कि नगर निगम आम तौर पर करीब 250 रुपये प्रतिमाह जल प्रभार लेता है जबकि निजी कंपनी के माध्यम से रहवासियों से 700 रुपये तक वसूले जाने की बात सामने आ रही है। उन्होंने इसे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम बताया। विरोध दर्ज कराने पहुंचे कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान, अजीजउद्दीन, अशोक मारण और देवांशु कंसाना ने भी व्यवस्था पर आपत्ति जताई। इस दौरान नेताओं ने जलकार्य अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग से प्रस्ताव और आदेशों को लेकर सवाल किए।

गजानंद सिक्योरिटी फोर्स को सौंपे गए तीन आदेश

जानकारी के अनुसार जलप्रदाय, जलकर वसूली और पाइपलाइन के संचालन व संधारण की जिम्मेदारी गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंपने से जुड़े तीन आदेश सामने आए हैं। इन आदेशों में उन कॉलोनियों और संस्थानों को शामिल किया गया है जहां 101 से 250 आवास हैं और बल्क वाटर कनेक्शन उपलब्ध हैं। एजेंसी की ओर से कॉलोनियों के रहवासियों से संपर्क भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। कॉलोनियों को मकानों की संख्या के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटने की बात कही गई है।

17 से 22 रुपये प्रति हजार लीटर के हिसाब से प्रस्तावित व्यवस्था

बताया जा रहा है कि नगर निगम निजी एजेंसी को 17 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से पानी उपलब्ध कराएगा जबकि एजेंसी रहवासियों से 20 से 22 रुपये प्रति हजार लीटर तक वसूली करेगी। इस तरह प्रति हजार लीटर पर मिलने वाले 3 से 5 रुपये के अंतर को पाइपलाइन लीकेज सुधारने, रखरखाव और कर्मचारियों के खर्च में इस्तेमाल करने का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटने का अधिकार भी एजेंसी को दिए जाने की बात सामने आई है।

कमिश्नर बोले- जांच कराई जा रही, RWA की सहमति जरूरी

कांग्रेस पार्षदों की शिकायत के बाद नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने जलकार्य अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग को तलब किया। कमिश्नर ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये व्यवस्था अनिवार्य नहीं होगी। जिन कॉलोनियों की रहवासी समितियां यानी RWA सहमति देंगी वहीं इसे लागू किया जाएगा।

नगर निगम कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश, कहा- जहां रहवासी चाहेंगे वहीं लागू होगी व्यवस्था।

829 कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन, निगम को 35 से 40 करोड़ की आय

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक भोपाल की 829 कॉलोनियों में बल्क वाटर कनेक्शन हैं जिनसे नगर निगम को सालाना करीब 35 से 40 करोड़ रुपये की आय होती है। इसके अलावा शहर में लगभग 2.80 लाख व्यक्तिगत पानी कनेक्शन हैं, जिनसे सालाना 44 से 45 करोड़ रुपये प्राप्त होते हैं। इस वर्ष नगर निगम की कुल आय 193 करोड़ रुपये रहने का अनुमान बताया गया है। निजी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपने की योजना पर अब जांच और निगम प्रशासन के स्पष्टीकरण का इंतजार है।

बिहार में AI की दुनिया का नया ठिकाना! CtrlS लगाएगी 10 हजार करोड़, 2029-30 तक शुरू होगा प्रोजेक्ट

मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, भारत में बनेंगे क्रेन-बुलडोजर; असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट

Anant Singh Daughter Wedding Live: अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने बिजली के टावर पर चढ़े लोग

दाऊद इब्राहिम के ठिकाने मुसाफिरखाना में नमाज पर भी रोक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा- कोई अंदर न जाए

UP Chunav 2027: योगी बोले- CM फेस कौन है, सब जानते हैं; केशव मौर्य ने कहा- विधायक दल करेगा फैसला