निगम परिषद की मंजूरी के बिना, निजी कंपनी को पानी सप्लाई और वसूली सौंपने की तैयारी, रहवासियों पर बढ़ेगा बोझ

Bhopal Water Supply Private Agency : कॉलोनियों में पानी सप्लाई को लेकर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। नवभारत का सवाल किसे लाभ देकर रहवासियों पर डाला जा रहा है बोझ।
Bhopal Water Supply Private Agency
बल्क कनेक्शन वाली कॉलोनियों में नई व्यवस्था लागू करने की चर्चाफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Bhopal Municipal Corporation Private Water Supply Proposal : नगर निगम की ओर से कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति, जलकर वसूली और पाइपलाइन के रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की तैयारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष और कुछ जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निगम परिषद की विधिवत मंजूरी के बिना इस तरह की व्यवस्था आगे बढ़ाई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इससे आम रहवासियों पर पानी का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।

क्या है पूरा मामला और क्यों उठ रहे सवाल?

भोपाल शहर की पेयजल व्यवस्था और जलकर वसूली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निजी एजेंसी को जिम्मेदारी देने के फैसले को लेकर प्रक्रिया और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह के नीतिगत फैसले में निगम परिषद की स्वीकृति जरूरी है। उनका आरोप है कि परिषद की मंजूरी के बिना आदेश जारी करना उचित प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।

निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने का आरोप

सामने आई जानकारी के अनुसार गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड को उन कॉलोनियों और संस्थानों में जलप्रदाय, जलकर वसूली तथा संचालन संधारण की जिम्मेदारी देने से जुड़े आदेश सामने आए हैं जहां बल्क कनेक्शन की व्यवस्था है। एक सिक्योरिटी और मैनपावर एजेंसी को पेयजल आपूर्ति जैसी जिम्मेदारी सौंपने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

रहवासियों पर आर्थिक बोझ की चिंता

प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर चर्चा है कि नगर निगम एजेंसी को करीब 17 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से पानी उपलब्ध कराएगा जबकि एजेंसी रहवासियों से 20 से 22 रुपये प्रति हजार लीटर तक वसूली कर सकती है। इसके अलावा बकाया राशि होने पर पानी का कनेक्शन काटने जैसे अधिकारों को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। रहवासियों को आशंका है कि नई व्यवस्था लागू होने पर उनके मासिक खर्च में बढ़ोतरी हो सकती है।

RWA की सहमति पर निर्भर होगी व्यवस्था

सामने आई जानकारी के मुताबिक ये व्यवस्था सभी कॉलोनियों में अनिवार्य रूप से लागू करने की बात नहीं है। इसे उन्हीं कॉलोनियों में लागू करने का प्रस्ताव बताया जा रहा है, जहां की रहवासी समितियां यानी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) इसके लिए सहमति देंगी। हालांकि, सहमति की प्रक्रिया और एजेंसी की जिम्मेदारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Bhopal Water Supply Private Agency
इंदौर में फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी को लेकर फिर बवाल, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने कर्मचारी को मारा थप्पड़

कांग्रेस ने निजीकरण का आरोप लगाकर विरोध की तैयारी की

कांग्रेस सहित विपक्षी खेमे ने इस पहल को पेयजल व्यवस्था के निजीकरण की दिशा में उठाया गया कदम बताया है। विपक्ष का कहना है कि पानी जैसी बुनियादी नागरिक सुविधा की आपूर्ति और वसूली का जिम्मा निजी हाथों में जाने से रहवासियों का खर्च बढ़ सकता है। इस मुद्दे पर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

आगे क्या हो सकता है?

इस मुद्दे पर निगम परिषद की बैठकों में हंगामे और विरोध के आसार हैं। रहवासियों और जनप्रतिनिधियों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि नगर निगम प्रशासन इस आदेश पर क्या स्पष्टीकरण देता है और क्या परिषद की मंजूरी के बिना ये व्यवस्था आगे बढ़ पाती है या नहीं।