MP Weather Update: मध्य प्रदेश में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जो 2 जून तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शुरुआती चार दिन प्रदेशभर में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा। 25 से 28 मई तक कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी, जबकि कुछ इलाकों में तीव्र लू को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तापमान बेहद ऊंचा रहने की संभावना है और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विभाग के मुताबिक भिंड, दतिया, आगर-मालवा, राजगढ़, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, कटनी, उमरिया, शहडोल, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर भोपाल, ग्वालियर, डिंडौरी, अनूपपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है।
इंदौर, देवास, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बड़वानी, धार, झाबुआ और अलीराजपुर में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश में गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया।
रविवार को खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में पारा 45 डिग्री तक पहुंचा, जबकि टीकमगढ़ और शाजापुर में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा दमोह, सागर और सतना में 44.2 डिग्री, जबकि गुना, मुरैना, राजगढ़ और श्योपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में तापमान 42.7 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
ये भी पढ़ें : हादसा या सोची-समझी साजिश? जैन समाज ने उठाए गंभीर सवाल; भोपाल, दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद में 25 मई को प्रदर्शन
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई तक मध्य प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रहेगी। अगले चार दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही लू से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।