Highlights:
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ा।
लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप को सौंपी गई इंदौर जिले की जिम्मेदारी।
4 बिंदुओं मं समझिए मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा इंदौर का प्रभार छोड़ने के मायने।
Political Meaning of Mohan Yadav Indore Decision : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का दायित्व छोड़ दिया है। अब यह जिम्मेदारी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप को सौंपी गई है। अगस्त 2024 में जिला प्रभारियों की नियुक्ति के समय मुख्यमंत्री ने इंदौर का प्रभार अपने पास रखा था।
अब इस बदलाव के बाद प्रदेश की राजनीति में इसके मायनों पर चर्चा शुरू हो गई है। नवभारत लाइव के स्टेट हेड सुधीर दंडोतिया से 4 आसान बिंदुओं में समझिए इस फैसले के राजनीतिक और प्रशासनिक मायने।
आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव की व्यस्तताओं और इंदौर जैसे बड़े जिले को पर्याप्त समय नहीं दे पाने को इस बदलाव की वजह माना जा रहा है। वहीं इंदौर में दूषित पेयजल के विवाद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं के बीच विपक्ष को मुख्यमंत्री पर सीधे सवाल उठाने का मौका मिल रहा था। ऐसे में जिले की जिम्मेदारी वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री को सौंपने से प्रशासनिक बैठकों और रोजमर्रा के कामकाज पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकेगा।
इंदौर की राजनीति में कैलाश विजयवर्गीय की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनके बयानों और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर होने वाली चर्चाओं के बीच नए प्रभारी मंत्री की नियुक्ति के भी मायने निकाले जा रहे हैं। रतलाम से विधायक चैतन्य काश्यप को इंदौर के किसी स्थानीय गुट से जुड़ा नहीं माना जाता। ऐसे में उनसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संगठन और प्रशासन के बीच समन्वय बनाने की अपेक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री के प्रभार छोड़ने के बाद इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय का प्रभाव बढ़ने की संभावना भी चर्चा में है।
इस फैसले को राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों से जोड़ने का फिलहाल कोई ठोस आधार या आधिकारिक संकेत सामने नहीं है। इसे मुख्य रूप से मध्यप्रदेश की प्रशासनिक जरूरतों, बड़े जिलों की निगरानी और संभावित कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं के संदर्भ में देखा जा रहा है।
चेतन्य काश्यप के पास पहले से भोपाल और राजगढ़ जिलों का प्रभार है। अब इंदौर की जिम्मेदारी मिलने के बाद अन्य जिलों के प्रभार में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। उनके सामने शहर की बुनियादी सुविधाओं, जल आपूर्ति व्यवस्था, मास्टर प्लान और विकास परियोजनाओं को गति देने की चुनौती होगी। इसके साथ ही पार्टी के भीतर तालमेल बनाए रखना भी उनकी जिम्मेदारी का अहम हिस्सा होगा।