MP Weather Update: मध्य प्रदेश में पिछले सात दिनों से मौसम लगातार बदला हुआ है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस, चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन की सक्रियता के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।
इस बीच मौसम विभाग ने आज ग्वालियर समेत 11 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के कारण अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
विभाग के मुताबिक ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवी और मऊगज में आज बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत 44 जिलों में गर्मी का असर भी देखने को मिलेगा। कई शहरों में दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव बना रहेगा। अगले दो दिन तक कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 9 और 10 मई को प्रदेशभर में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। 10 मई से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, जिसका असर अगले दो दिनों में दिखाई दे सकता है।
बुधवार को मध्य प्रदेश में लगातार सातवें दिन आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। धार समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। मई की शुरुआत में लगातार हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश के मध्य हिस्से और ऊपरी क्षेत्र में दो चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं। साथ ही एक ट्रफ लाइन पूर्वी हिस्से से गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में आंधी, बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है।