स्कूली बच्चे (फोटो सोर्स- नवभारत)
भोपाल

MP के 56 लाख स्कूली बच्चों के लिए बड़ा बदलाव, अब सिली हुई ड्रेस की जगह सीधे बैंक खातों में आएंगे पैसे!

MP Government School Students : मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों के 56 लाख बच्चों को अब सिली हुई यूनिफॉर्म की जगह DBT से बैंक खातों में ड्रेस की राशि मिल सकती है। नया प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में जाएगा।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

MP School Uniform DBT : मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक पढ़ने वाले करीब 56 लाख विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म वितरण की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए कई महीने बीत जाने के बाद भी बच्चों को नई ड्रेस नहीं मिल पाई है। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग अब सिली हुई यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के बजाय ड्रेस की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी कर रहा है।

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में यूनिफॉर्म वितरण के लिए नई व्यवस्था पर सहमति बनी है। प्रस्ताव के अनुसार, पात्र विद्यार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ड्रेस की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। हालांकि प्रति विद्यार्थी कितनी राशि दी जाएगी, इस पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है। विभाग संशोधित प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखेगा।

350 करोड़ के टेंडर पर हाईकोर्ट की अंतरिम रोक

इससे पहले मोहन यादव कैबिनेट ने जून में बच्चों को दो जोड़ी सिली हुई यूनिफॉर्म देने का फैसला किया था। इसके लिए मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम ने 3 जून को करीब 350 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया था। यूनिफॉर्म की सिलाई और सप्लाई का ठेका निजी कंपनी को दिया जाना था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। इसके बाद टेंडर पर अंतरिम रोक लगने से यूनिफॉर्म तैयार करने और सप्लाई की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

56 लाख बच्चों की नाप और सप्लाई बनी बड़ी चुनौती

विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती करीब 56 लाख विद्यार्थियों तक समय पर सिली हुई ड्रेस पहुंचाने की थी। जिला स्तर पर वितरण हो या भोपाल से केंद्रीकृत सप्लाई, दोनों ही व्यवस्थाओं में काफी समय लगने की संभावना थी। इसके अलावा प्रत्येक बच्चे की सही नाप लेना और उसके अनुसार यूनिफॉर्म तैयार कराना भी लंबी और जटिल प्रक्रिया है। विभाग को यूनिफॉर्म के रंग, पैटर्न और प्रति विद्यार्थी दो जोड़ी ड्रेस की लागत पर भी अंतिम निर्णय लेना था।

शैक्षणिक सत्र का आधा समय बीता, बच्चे कर रहे नई ड्रेस का इंतजार

अप्रैल से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र का आधे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सरकारी स्कूलों के लाखों विद्यार्थी अब भी नई यूनिफॉर्म का इंतजार कर रहे हैं। विभाग का मानना है कि यदि टेंडर से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी भी हो जाती है, तब भी ड्रेस की सिलाई और सभी स्कूलों तक सप्लाई में काफी समय लग सकता है। इसी वजह से DBT के जरिए सीधे राशि भेजने के विकल्प को अधिक व्यावहारिक माना जा रहा है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद साफ होगी राशि और तारीख

अब इस नई व्यवस्था पर अंतिम फैसला मोहन कैबिनेट की मंजूरी के बाद होगा। स्कूल शिक्षा विभाग जल्द ही संशोधित प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष पेश करेगा। मंजूरी मिलने के बाद ही यह तय होगा कि कक्षा 1 से 8वीं तक के प्रत्येक विद्यार्थी को यूनिफॉर्म के लिए कितनी राशि दी जाएगी और यह पैसा उनके बैंक खातों में कब तक ट्रांसफर किया जाएगा। फिलहाल प्रदेश के करीब 56 लाख विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की नजरें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं।

नेपाल में भारी तबाही के बाद बिहार पर खतरा, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा, CM चौधरी ने सीमावर्ती इलाकों का लिया जायजा

जो खेले, वो खिले से मेजर ध्यानचंद तक, PM मोदी ने बताया कैसे बदलेगा भारत का स्पोर्ट्स इकोसिस्टम

9:05 को आया मैसेज, 9:14 पर टूटा संपर्क; नेपाल में ईशा फाउंडेशन के 80 कैलाश यात्री लापता, सद्गुरु ने मांगी मदद

राजस्थान HC विवाद पर CJI का बड़ा बयान, मीडिया ट्रायल से नहीं, संस्थागत जांच से तय होगा सच

Explainer: 65 करोड़ रुपये महीना किराया, फिर भी भारत ने क्यों लिया MQ-9B ड्रोन? जानिए इसकी खासियत और जरूरत