

Godrej Malanpur Fourth Unit : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26 अगस्त को भिंड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की चौथी नई यूनिट का शुभारंभ किया। कंपनी ने इस विस्तार परियोजना में 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। नई यूनिट शुरू होने के साथ ही मालनपुर एशिया के सबसे बड़े साबुन निर्माण केंद्रों में शामिल हो गया है। इस परियोजना से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मालनपुर में स्थापित गोदरेज की यह यूनिट एशिया का सबसे बड़ा साबुन निर्माण उद्योग है। यहां प्रति मिनट करीब 4 हजार साबुन तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मालनपुर में बनने वाले उत्पाद देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश अब केवल निवेश प्रस्तावों तक सीमित नहीं है, बल्कि एमओयू को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हो रहा है।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि दो महीने से भी कम समय में मध्य प्रदेश में यह तीसरी बड़ी औद्योगिक यूनिट है। इससे पहले गुना में करीब 1500 करोड़ रुपये का सीमेंट प्लांट और शिवपुरी में 3500 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजना स्थापित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश अलग-अलग क्षेत्रों में मूर्त रूप ले रहा है और कई इकाइयों ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी दस्यु समस्या के लिए पहचाना जाने वाला ग्वालियर-चंबल अंचल अब उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है। सरकार ने क्षेत्रीय औद्योगिक संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निवेश को बढ़ावा दिया है। ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन स्थापित करने की योजना का भी जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे अंचल की औद्योगिक तस्वीर बदलेगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वह करीब 8 से 10 महीने पहले मालनपुर आए थे, जहां 1500 करोड़ रुपये की लागत से एलिक्सर इंडस्ट्रीज के प्लांट का भूमि-पूजन किया गया था। अब इसका लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के माध्यम से युवाओं को रोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।
कार्यक्रम में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने कहा कि मालनपुर से कंपनी का रिश्ता 35 साल पुराना है। वर्ष 1991 में यहां साबुन निर्माण इकाई की शुरुआत हुई थी। कंपनी के अनुसार मालनपुर में करीब 70 एकड़ क्षेत्र में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट संचालित है, जिसमें अब तक कुल करीब 850 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। नई यूनिट के विस्तार के साथ गोदरेज की साबुन निर्माण क्षमता बढ़ेगी और मालनपुर से देशभर में उत्पादों की सप्लाई की जाएगी।