एमपी का ड्रग नेटवर्क फोटो सोर्स- AI
भोपाल

Explainer: MP कैसे बना नया ड्रग हब? 1,800 करोड़ की फैक्ट्री से लेकर थार की स्टेपनी तक तस्करी का पूरा नेटवर्क

Madhya Pradesh Drug Hub : MP में 17 गुप्त ड्रग्स लैब्स, 1,800 करोड़ की मेफेड्रोन फैक्ट्री और थार की स्टेपनी से तस्करी के मामले सामने आए। जानिए MP के ड्रग नेटवर्क और सरकार के एक्शन प्लान की पूरी कहानी।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

Madhya Pradesh Drugs News : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। आखिर प्रदेश में नशे के खिलाफ इतनी बड़ी घोषणा की जरूरत क्यों पड़ी? मध्य प्रदेश में ड्रग्स का नेटवर्क कितना बड़ा है, गुप्त लैब्स कहां-कहां पकड़ी गईं और तस्कर पुलिस से बचने के लिए कौन-कौन से नए तरीके अपना रहे हैं? आइए समझते हैं मध्य प्रदेश में फैले ड्रग्स नेटवर्क और सरकार के एक्शन प्लान की पूरी कहानी।

मध्य प्रदेश अब केवल नशे की खपत के लिए नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर ड्रग्स के निर्माण और तस्करी के लिए भी चर्चा में है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) और डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य ड्रग्स के निर्माण और तस्करी के एक बड़े केंद्र के तौर पर सामने आया है। इसी पृष्ठभूमि में भोपाल में आयोजित गोपालक सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य घोषित किया।

सवाल: मध्य प्रदेश में ड्रग्स को लेकर इतनी बड़ी घोषणा की जरूरत क्यों पड़ी?

जवाब: मध्य प्रदेश में ड्रग्स की खपत के साथ-साथ इसके निर्माण और तस्करी का नेटवर्क भी सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों ने राज्य में कई गुप्त लैब्स का भंडाफोड़ किया है। ऐसे में चुनौती सिर्फ नशीले पदार्थों की सप्लाई रोकने की नहीं, बल्कि उनके निर्माण और पूरे नेटवर्क को खत्म करने की भी है।

सवाल: राज्य में ड्रग्स बनाने का नेटवर्क कितना बड़ा है और कहां-कहां फैला है?

जवाब: ड्रग माफिया अब बाहर से ड्रग्स मंगाने के बजाय मध्य प्रदेश के भीतर ही सिंथेटिक ड्रग्स तैयार कर रहे हैं। राज्य में अब तक 17 गुप्त लैब्स पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।

भोपाल: अक्टूबर 2024 में बगरौदा औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री पकड़ी गई थी। यहां से 907 किलो मेफेड्रोन (MD) बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,800 करोड़ रुपए बताई गई।

नीमच: नवंबर 2025 में एक मकान में चल रही सीक्रेट लैब का भंडाफोड़ हुआ। यहां तैयार की जा रही ड्रग्स को राजस्थान और गुजरात तक भेजे जाने की बात सामने आई।

महू और आगर मालवा: महू के एक गांव और आगर मालवा में पौधों की नर्सरी की आड़ में भी ड्रग्स बनाने का कारोबार पकड़ा गया।

एमपी में ड्रग का नेटवर्क

सवाल: पुलिस से बचने के लिए तस्कर कौन से नए तरीके अपना रहे हैं?

जवाब: हालिया मामलों में तस्करी के कई नए तरीके सामने आए हैं। इनमें गाड़ियों के छिपे हिस्सों से लेकर कपड़ों और सार्वजनिक परिवहन तक का इस्तेमाल किया गया।

थार की स्टेपनी: इंदौर में एक महिंद्रा थार की स्टेपनी यानी अतिरिक्त टायर के अंदर से 5.69 करोड़ रुपए की एम्फेटामाइन बरामद हुई।

कपड़ों में सीक्रेट पॉकेट: भोपाल स्टेशन पर एक नाइजीरियन महिला को पकड़ा गया। आरोप है कि उसके सलवार-कुर्ते के भीतर विशेष पॉकेट बनाकर ड्रग्स छिपाई गई थी।

स्लीपर बस का इस्तेमाल: इंदौर से पुणे जा रही स्लीपर बस में आम यात्री की तरह सफर कर रही एक नाइजीरियन महिला से करीब 1.19 करोड़ रुपए की ड्रग्स बरामद की गई।

एमपी में इस तरह हो रही ड्रग्स की स्मगलिंग

सवाल: मध्य प्रदेश में कितने तरह के नशे का कारोबार चल रहा है?

जवाब: राज्य में नशे के कारोबार को मुख्य रूप से तीन बड़े नेटवर्क में देखा जा सकता है।

  1. पारंपरिक नशा: इसमें गांजा, अफीम और डोडाचूरा शामिल हैं। 2024 में इनसे जुड़ी 1.29 लाख किलो से ज्यादा सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

  2. फार्मास्यूटिकल नशा: इसमें नशीले इंजेक्शन, टैबलेट और कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल हैं। विशेष रूप से विंध्य क्षेत्र के रीवा, सीधी और सतना में इस तरह के मामलों का जिक्र सामने आया है।

  3. सिंथेटिक ड्रग्स: इसमें मेफेड्रोन (MD) और एम्फेटामाइन जैसी ड्रग्स शामिल हैं। इनका नेटवर्क अब बड़े शहरों से निकलकर कस्बों तक पहुंचने की चिंता भी सामने आई है।

एमपी में इस तरह हो रहा ड्रग का व्यापार

सवाल: ड्रग्स सिंडिकेट को खत्म करने के लिए सरकार का एक्शन प्लान क्या है?

जवाब: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ मिलकर ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की है। इसके तहत 'ऑपरेशन क्लीन' की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

सख्त कानून

आदतन अपराधियों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई तेज करने की योजना है, ताकि ड्रग्स के कारोबार में बार-बार शामिल होने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

5 राज्यों के साथ जॉइंट ऑपरेशन

मध्य प्रदेश की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के साथ खुफिया जानकारी साझा कर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क पर शिकंजा कसना है।

एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स

राज्य में विशेष एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके साथ ही कॉलेजों को ड्रग-मुक्त कैंपस बनाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

2029 तक नशामुक्ति का लक्ष्य

मध्य प्रदेश में गुप्त लैब्स, ड्रग्स की बरामदगी और तस्करी के बदलते तरीकों ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी की है। ऐसे में 31 दिसंबर 2029 तक प्रदेश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य सिर्फ नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके निर्माण, तस्करी और पूरे नेटवर्क को खत्म करने की बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

TMC छोड़ BJP में शामिल हुईं अभिनेत्री कोयल मल्लिक को मिला बड़ा इनाम, पश्चिम बंगाल से मिला राज्यसभा का टिकट

नौकरशाही से सियासत तक: दिव्या मित्तल के बाद एम नागेश्वर राव की राजनीति में एंट्री, क्या UP में बदल रहा ट्रेंड?

पीएम किसान योजना: 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसान पोर्टल पर तुरंत करें ये काम, नहीं अटकेगा पैसा

कोलकाता में मनाया जाएगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस, Gen-Z के लिए विशेष सेगमेंट; शेड्यूल जारी

अगर डॉलर के मुकाबले 99 तक गिरा रुपया, तो महंगा होगा पेट्रोल, पढ़ाई और विदेशी यात्रा, जानें किसको होगा लाभ