इंदौर में कोकीन के साथ नाइजीरियन महिला गिरफ्तार, 29 लाख की ड्रग्स जब्त, मुंबई-इंदौर ड्रग नेटवर्क की जांच

Nigerian Woman Arrested Indore : इंदौर के चंदन नगर में पुलिस ने नाइजीरियन महिला को 57.18 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया। 29 लाख की ड्रग्स जब्त, मुंबई-इंदौर नेटवर्क की जांच जारी है।
Nigerian Woman Arrested by Indore Police
पुलिस की गिरफ्त में नाइजीरियन महिलाफोटो सोर्स – नवभारत
Published on
Updated on

Indore Cocaine Seizure : इंदौर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियन महिला को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 57.18 ग्राम कोकीन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 29 लाख रुपये, और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस अब महिला के अंतरराष्ट्रीय और मुंबई-इंदौर ड्रग नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के चलते भीड़भाड़ वाले इलाकों में थाना मोबाइल से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को आईटी पार्क सिंहासा के पास एक विदेशी महिला काले रंग का बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी।

पुलिस ने महिला को रोका

पुलिस ने महिला को रोककर सुनसान स्थान पर खड़े होने का कारण पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और घबराहट में अंग्रेजी में बात करने पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में महिला ने अपना नाम इम्यूनल जॉय, निवासी लेगोस, नाइजीरिया और वर्तमान पता बांद्रा ईस्ट, मुंबई बताया।

बैग की तलाशी में मिली कोकीन

नियमानुसार तलाशी लेने पर महिला के बैग से एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली मिली, जिसमें कोकीन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार महिला के पास इसे रखने या रखने की अनुमति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने 57.18 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन जब्त कर महिला के खिलाफ चंदन नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

बिजनेस वीजा पर अगस्त में आई थी भारत

पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह 14 अगस्त 2026 को नाइजीरिया से बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और उसका वीजा 10 फरवरी 2027 तक वैध है। उसने मुंबई के बांद्रा इलाके में अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम करने की बात भी बताई है।

मुंबई से इंदौर तक ड्रग सप्लाई नेटवर्क की जांच

महिला के विदेशी नागरिक होने के कारण पुलिस उसके पासपोर्ट, वीजा, इमिग्रेशन स्टेटस, भारत में एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड और निवास संबंधी दस्तावेजों का संबंधित एजेंसियों के माध्यम से सत्यापन करा रही है। इसके साथ ही पुलिस मुंबई-इंदौर ड्रग सप्लाई चेन, कोकीन उपलब्ध कराने वाले स्रोत, स्थानीय संपर्कों और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मोबाइल और डिजिटल सबूतों से नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस महिला के मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों और कम्युनिकेशन डेटा का विश्लेषण कर रही है। इसके जरिए ड्रग नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर कोकीन की खरीदी-बिक्री में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सकेगी।

Nigerian Woman Arrested by Indore Police
मुरैना में अंतरराज्यीय बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश: 10 चोरी की बाइकें बरामद, दो सगे भाइयों समेत 4 गिरफ्तार

सस्ते में खरीदकर महंगे दाम में बेचने की बात कबूली

इंदौर पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने कोकीन कम कीमत में खरीदी थी और इसे महंगे दाम में बेचकर जल्दी पैसा कमाने की नीयत थी। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर ड्रग्स के स्रोत और उसके संपर्कों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com