सफाईकर्मियों की हड़ताल की वजह से लगा कचरे का ढेर फोटो सोर्स- नवभारत
भोपाल

भोपाल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, दिवाली से पहले कचरे के ढेर से बेहाल राजधानी, अटल भवन पर प्रदर्शन

Safai Karmchari Protest at Atal Bhawan: भोपाल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी। दिवाली से पहले न्यू मार्केट, MP नगर समेत कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे। अटल भवन पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।

शिवम दत्त तिवारी, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • भोपाल में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी।

  • करीब 200 कर्मचारियों ने अटल भवन के गेट पर किया प्रदर्शन।

  • 10 हजार के बजाय 25 हजार रुपये मासिक वेतन की मांग।

  • न्यू मार्केट, एमपी नगर और बिट्टन मार्केट में कचरे के ढेर।

Bhopal Safai Karmchari Strike : दिवाली से पहले राजधानी भोपाल की सफाई व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का गुरुवार को भी कोई समाधान नहीं निकल सका। शहर की गलियों, कॉलोनियों और प्रमुख बाजारों में कचरे के ढेर जमा हो रहे हैं। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन प्रभावित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

इस बीच गुरुवार सुबह करीब 200 सफाई कर्मचारियों ने पीएनटी चौराहे से रैली निकालकर अटल भवन स्थित नगर निगम मुख्यालय के गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।

पीएनटी चौराहे से अटल भवन तक निकाली रैली

सुबह करीब 200 कर्मचारी पीएनटी चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में अटल भवन पहुंचे और भोपाल नगर निगम मुख्यालय के गेट पर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने, नियमितीकरण और स्थायी नौकरी सहित अपनी लंबित मांगों को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन में सफाई कर्मचारियों के साथ नगर निगम के फायर सेफ्टी विभाग के कर्मचारी और गोताखोर भी शामिल हुए।

25 हजार वेतन करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि मौजूदा वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उनका दावा है कि करीब 10 हजार रुपये मासिक वेतन में बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो पातीं। कर्मचारियों ने न्यूनतम 25 हजार रुपये मासिक वेतन देने की मांग उठाई। इसके साथ ही नियमितीकरण, सरकारी कर्मचारी का दर्जा, ठेका प्रथा खत्म करने और अनुकंपा नियुक्ति जैसी मांगें भी दोहराईं।

कमिश्नर के जाने से बढ़ी कर्मचारियों की नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, नगर निगम कमिश्नर और अन्य अधिकारी उन्हें देखकर गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए। इससे कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई। हालांकि, इस घटनाक्रम पर निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

न्यू मार्केट से एमपी नगर तक कचरे के ढेर

भोपाल में सफाईकर्मियों की हड़ताल का असर अब शहर के कई इलाकों में दिखाई दे रहा है। न्यू मार्केट, एमपी नगर और बिट्टन मार्केट सहित विभिन्न क्षेत्रों में कचरा जमा होने की शिकायतें हैं। दिवाली के दौरान बाजारों और घरों से निकलने वाले कचरे की मात्रा बढ़ने की आशंका के बीच सफाई व्यवस्था बहाल करना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

बेनतीजा रही बैठक

बुधवार को नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के साथ कर्मचारी संगठनों की बैठक हुई थी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया। अब सवाल है कि त्योहार से पहले सरकार और निगम प्रशासन इस गतिरोध को कैसे खत्म करेंगे।

करनाल में गरजे गृह मंत्री अमित शाह, राहुल गांधी पर लगाया अराजकता फैलाने का आरोप; कांग्रेस को दी चेतावनी

अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, SIR पर विशेष सत्र को तैयार, बोले- वोट बचाने नहीं, घुसपैठियों के लिए थी रैली

क्राइम है, अपराध नहीं, सम्राट के बयान पर सियासी घमासान, विपक्ष ने लगाई क्लास, कहा- गरीबी नहीं, पॉवर्टी है!

तिरुपति लड्डू में मिलावट मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, कोर्ट ने केस ट्रांसफर करने की मांग खारिज की

दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में बड़ा हादसा, तीन मंजिला इमारत ढही; 2 लोगों की मौत, कई मलबे में दबे