Bhopal Narela MLA Vishvas Sarang Inspection: आगामी मानसून को देखते हुए प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और नरेला विधायक विश्वास सारंग ने रविवार को अशोका गार्डन क्षेत्र के प्रमुख नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और बारिश से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में आज से व्यापक स्तर पर नाला-नाली सफाई अभियान शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति को रोकना और नागरिकों को राहत देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नालों और नालियों की सफाई तय समयसीमा में पूरी की जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। मानसून से पहले नालों की सफाई और गाद निकालने (डीसिल्टिंग) को जलभराव रोकने की महत्वपूर्ण तैयारी माना जाता है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने यह भी कहा कि अगर किसी नाले पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने जीतू पटवारी के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की भाषा और शब्दावली का कोई स्थान नहीं है। सारंग ने कहा कि कभी दादागिरी करने की बात करना, ईंट का जवाब पत्थर से देने की बात करना या प्रशासनिक अधिकारियों को डराने-धमकाने की भाषा इस्तेमाल करना कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली हो सकती है, लेकिन लोकतंत्र में इसकी कोई जगह नहीं है। मुझे लगता है कि इस तरह की भाषा का प्रयोग वही लोग करते हैं जो कहीं न कहीं भयग्रस्त होते हैं।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली में दिल दहलाने वाली वारदात, मां ने दो मासूम बच्चों संग खाया जहर; अस्पताल में मची भारी चीख-पुकार
मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद और संवैधानिक प्रक्रियाओं का सम्मान होना चाहिए तथा राजनीतिक दलों को मर्यादित भाषा का उपयोग करना चाहिए। बारिश के मौसम से पहले नरेला विधानसभा क्षेत्र में शुरू किए गए इस सफाई अभियान को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि अभियान के तहत प्रमुख नालों, नालियों और जल निकासी मार्गों की विशेष निगरानी की जाएगी ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।