Highlights:
भोपाल मास्टर प्लान की सुनवाई में विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व IAS कवीन्द्र कियावत के बीच तीखी बहस।
पश्चिमी बायपास पर सवाल उठाने पर शर्मा ने पूर्व कमिश्नर को पुरानी मंजूरियां याद दिलाईं।
बोले- कमिश्नर रहते पांच कॉलोनियों को नियम विरुद्ध अनुमति आपने ही दी थी।
कियावत ने 36 किलोमीटर का बायपास एलिवेटेड बनाने का दिया सुझाव।
Rameshwar Sharma Kavindra Kiyawat argument : भोपाल मास्टर प्लान 2047 पर दावे और आपत्तियों की सुनवाई के पहले ही दिन तीखी बहस देखने को मिली। पश्चिमी बायपास को लेकर पूर्व आईएएस और भोपाल के पूर्व कमिश्नर कवीन्द्र कियावत ने सवाल उठाए तो हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने उन्हें पुराने फैसलों की याद दिला दी।
शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि जब आप भोपाल कमिश्नर थे, तब पांच कॉलोनियों को नियमों के खिलाफ अनुमति दी गई थी। गिनाऊं क्या? दोनों के बीच हुई इस बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोमवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर आपत्तियों की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान पश्चिमी बायपास का मुद्दा उठा। पूर्व आईएएस कवीन्द्र कियावत ने परियोजना के मौजूदा स्वरूप पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह बायपास का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनका सुझाव है कि करीब 36 किलोमीटर लंबे पश्चिमी बायपास को पूरी तरह एलिवेटेड बनाया जाए। इससे जमीन और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सकता है।
कियावत के सुझाव पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने पूर्व आईएएस से कहा कि भोपाल कमिश्नर रहते आपने पांच कॉलोनियों को नियमों के खिलाफ अनुमति दी थी। उस समय फाइलों पर हस्ताक्षर किए गए और अब पद से बाहर आने के बाद सवाल उठा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि पहले अपने कार्यकाल में दी गई अनुमतियों का भी जवाब देना चाहिए। दोनों के बीच हुई इस नोकझोंक ने सुनवाई का माहौल गरमा दिया।
विधायक ने पश्चिमी बायपास को शहर की यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी बताया। उनका कहना था कि परियोजना विशेषज्ञों की सलाह, राष्ट्रीय राजमार्ग के मापदंडों और PWD व एमपीआरडीसी के संयुक्त निरीक्षण के बाद तैयार की गई है। बैतूल या नागपुर की तरफ से आने वाले लोगों को इंदौर जाने के लिए अभी करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। बायपास बनने से यह सफर घटकर करीब 13 किलोमीटर रह जाएगा।
भोपाल मास्टर प्लान को लेकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोपाल की आबादी तेजी से बढ़ रही है और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बेहतर सड़क नेटवर्क जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका पर कहा कि परियोजना में जितने पेड़ काटे जाएंगे, उससे अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इसलिए पर्यावरण के नाम पर बायपास का विरोध करना उचित नहीं है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने आगामी सिंहस्थ का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोपाल के रास्ते उज्जैन पहुंच सकते हैं। उनके मुताबिक, भोपाल में रेल कनेक्टिविटी और दूसरे शहरों से बेहतर संपर्क होने के कारण करीब 50 प्रतिशत श्रद्धालु यहां उतर सकते हैं। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने वर्टिकल डेवलपमेंट यानी ऊंची इमारतों के जरिए विकास को भी समय की जरूरत बताया।