भोपाल में कांग्रेस की महाबैठक (सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल

भोपाल में कांग्रेस की महाबैठक, दतिया की जीत से गदगद पार्टी; प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ तेज होगा आंदोलन!

MP Congress Meeting Bhopal: भोपाल में 5 घंटे चली MP कांग्रेस की महाबैठक, दतिया उपचुनाव की जीत पर घनश्याम सिंह को बधाई, जीतू पटवारी बोले- राज्यसभा चुनाव अधिकारी के खिलाफ जाएंगे कोर्ट।

सुधीर दंडोतिया, सजल रघुवंशी

Congress Mega Meeting In Bhopal: मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई। करीब पांच घंटे चली बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में युवाओं, किसानों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों के साथ सरकार के खिलाफ आंदोलन की आगामी रणनीति पर भी मंथन किया गया। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए।

राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ स्वास्थ्य कारणों से शामिल नहीं हो सके। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विदेश में होने के कारण बैठक में प्रत्यक्ष रूप से मौजूद नहीं रहे, लेकिन वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े। पूर्व सांसद नकुलनाथ के भी बैठक में पहली बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के कार्यकाल में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन छिंदवाड़ा से भोपाल के लिए उड़ान भरने वाले विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। नकुलनाथ और हरीश चौधरी इसी विमान से आने वाले थे। विमान की उड़ान रद्द होने के बाद चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल पहुंचे और बैठक में शामिल हुए।

उमंग सिंघार ने किया बड़ा दावा

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ 62 लाख से ज्यादा मामले छोटी-छोटी धाराओं में दर्ज किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें कई मामले सरकार के दबाव में दर्ज हुए हैं। सिंघार ने इसे प्रदेश में पुलिस के जरिए शासन चलाने की स्थिति बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राजनीतिक दुर्भावना से दर्ज मामलों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तब तक कांग्रेस ऐसे लोगों के सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ती रहेगी।

राज्यसभा वाले मामले पर कोर्ट जाने की तैयारी में कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जून में हुए राज्यसभा चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने का मामला पार्टी नहीं भूली है। पटवारी के मुताबिक कांग्रेस विधानसभा के प्रमुख सचिव एवं चुनाव अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ इसी सप्ताह न्यायालय जाने की तैयारी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी ने भाजपा के दबाव में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया। कांग्रेस ने इस मामले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा बताते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही।

दतिया की जीत, बदलाव का संकेत

कांग्रेस नेताओं ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में घनश्याम सिंह की जीत को बैठक में पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। पटवारी ने इसे मध्य प्रदेश की जनता की जीत बताते हुए कहा कि दतिया के परिणाम ने बदलाव की राजनीति का संदेश दिया है। बैठक में नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह को बधाई दी गई। उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया की जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और इसका लाभ आगामी निकाय चुनावों में मिल सकता है। वहीं कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया ने दतिया परिणाम को भाजपा के लिए बड़ा संकेत बताते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस ने किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने के संकेत भी दिए।

LPU में फिर मचा बवाल! बेकाबू भीड़ ने की तोड़फोड़, कई वाहनों को किया आग के हवाले

मुंबई पुलिस ने अभिजीत दीपके को दिखाया ठेंगा! प्रोटेस्ट की नहीं मिली इजाजत, CJP प्रमुख ने बताया अगला प्लान

CEC Resignation Rule: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के बाद कैसे चलता है चुनाव आयोग? VIDEO

देश को मिली पहली LNG ट्रेन! गृहमंत्री ने साबरमती स्टेशन से दिखाई हरी झंडी, रेलमंत्री को लेकर दिया बड़ा बयान

Ambala Building Collapse: अंबाला में भरभराकर गिरी निर्माणाधीन इमारत, 4 मजदूरों की मौत; कई मलबे में दबे