Bhopal CM Youth Conclave : राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संवाद कार्यक्रम के बाद हंगामा हो गया। प्रसिद्ध सिंगर जुबिन नौटियाल की संगीत परफॉर्मेंस के दौरान आगे जाने और अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे छात्र बैरिकेड्स पर चढ़ गए।
छात्रों को रोकने पर पुलिस और छात्रों के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद कुछ नाराज छात्रों ने पुलिस पर कुर्सियां, जूते और धूल फेंकना शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और छात्रों को मौके से खदेड़ा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के संवाद कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद जुबिन नौटियाल की संगीत परफॉर्मेंस शुरू हुई थी। इसी दौरान कुछ छात्र आगे जाने और कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। छात्रों के बैरिकेड्स पर चढ़ने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ गई और पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।
आगे जाने से रोके जाने पर छात्रों और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और छात्रों की ओर से पुलिस पर कुर्सियां, जूते और धूल फेंकी जाने लगी। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए छात्रों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
हंगामे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। छात्रों के इधर-उधर भागने और पुलिस की कार्रवाई के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान भीड़ में एक छात्रा भी नीचे दब गई। अचानक हुए बवाल से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं ने भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर लिखा कि भोपाल के यूथ कॉन्क्लेव में गुस्साए युवाओं ने कुर्सियां फेंकीं और सवाल उठाया कि इससे क्या संदेश जाता है। पटवारी ने इसे मध्यप्रदेश के युवाओं की भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी बताया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी X पर पोस्ट कर युवाओं की नाराजगी के पीछे रोजगार और परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार के वादे अधूरे हैं, MPPSC के नतीजे रुके हुए हैं, शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवार सड़कों पर हैं, OBC युवाओं का आरक्षण अटका हुआ है और राज्य के युवा बेरोजगार हैं। सिंघार ने इन्हीं मुद्दों को युवाओं की नाराजगी की वजह बताया।