Bhopal Municipal Corporation News: भोपाल नगर निगम का नया मुख्यालय अब पूरी तरह तैयार है। तुलसी नगर (सेकंड स्टॉप) स्थित इस अत्याधुनिक भवन का नाम 'अटल भवन' रखा गया है, जिसका उद्घाटन आज मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। लगभग 43 करोड़ रुपए की लागत से बने इस भवन में अब नगर निगम के सभी विभाग एक ही छत के नीचे काम करेंगे।
अब तक नागरिकों को अलग-अलग कामों के लिए शहर के विभिन्न नगर निगम दफ्तरों में जाना पड़ता था, लेकिन नए मुख्यालय में सभी प्रमुख विभाग एक ही जगह शिफ्ट कर दिए गए हैं। इसमें जलकार्य, सीवेज, राजस्व, भवन अनुज्ञा, अतिक्रमण, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु पंजीयन समेत कई शाखाएं शामिल हैं। ग्राउंड फ्लोर पर जनसुविधा केंद्र बनाया गया है, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की जानकारी और सेवाएं मिलेंगी।
'अटल भवन' को ग्रीन कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है। यह मध्य प्रदेश की पहली नगरीय निकाय बिल्डिंग है, जो जियोथर्मल तकनीक से लैस है। परिसर में लगे सोलर पैनलों से लगभग 300 किलोवाट बिजली उत्पादन की क्षमता है।
हालांकि, भवन को लेकर कुछ खामियां भी सामने आई हैं। पहले मीटिंग हॉल को लेकर बड़ी गलती पाई गई थी, जिसके चलते अतिरिक्त जमीन की मांग करनी पड़ी। इसके अलावा सोलर पैनल की दिशा को लेकर भी उत्पादन पर असर की आशंका जताई गई है।