एम्स भोपाल में अनोखी सर्जरी फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

एम्स भोपाल में 8 घंटे सर्जरी कर ट्रांसजेंडर को बनाया महिला, MP के सरकारी अस्पताल में पहली बार हुआ ऐसा ऑपरेशन

AIIMS Bhopal News : भोपाल एम्स में मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल में पहली बार ट्रांसजेंडर महिला की जेंडर-अफर्मिंग बॉटम सर्जरी सफल हुई। करीब आठ घंटे चले ऑपरेशन में कई विभागों के डॉक्टर शामिल रहे।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • भोपाल एम्स में मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल में पहली बार जेंडर-अफर्मिंग बॉटम सर्जरी सफल हुई।

  • एम्स भोपाल में डॉ. मनाल खान और डॉ. अभिनव सिंह की टीम ने करीब आठ घंटे तक ऑपरेशन किया।

  • मरीज को संतोषजनक स्थिति में छुट्टी दी गई; डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल वह मां नहीं बन सकती।

AIIMS Bhopal Gender Affirming Surgery : मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल में पहली बार ट्रांसजेंडर महिला की जेंडर-अफर्मिंग बॉटम सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। भोपाल एम्स के बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने मरीज की सहमति से करीब आठ घंटे तक चले ऑपरेशन के जरिए उसके शरीर को लैंगिक पहचान के अनुरूप बनाने की प्रक्रिया पूरी की। सर्जरी के बाद मरीज को संतोषजनक स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल प्रबंधन ने मरीज की निजता का ध्यान रखते हुए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

एम्स भोपाल के डॉक्टरों के मुताबिक, यह ऑपरेशन लैंगिक पहचान के अनुरूप शारीरिक बदलाव करने के लिए किया गया। सर्जरी में जननांग क्षेत्र में बदलाव कर महिला की शारीरिक संरचना के अनुरूप बनाने की प्रक्रिया शामिल थी। बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मनाल खान और सहायक प्राध्यापक डॉ. अभिनव सिंह ने रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मिलकर करीब आठ घंटे तक ऑपरेशन किया।

तीन विभागों के डॉक्टरों ने निभाई अहम भूमिका

इस जटिल और संवेदनशील सर्जरी को पूरा करने के लिए एम्स भोपाल के अलग-अलग विभागों के डॉक्टरों ने समन्वय के साथ काम किया। एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अनुज जैन, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के डॉ. अरुण कुमार डोरा और यूरोलॉजी विभाग के डॉ. देवाशीष कौशल ने सर्जरी के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉक्टरों ने योजना के साथ आधुनिक रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी तकनीकों का इस्तेमाल किया।

ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक

एम्स भोपाल के अनुसार, सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक रही और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज ने ऑपरेशन और उसके परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त की। अस्पताल की ओर से बताया गया कि इस सर्जरी से मरीज को अपनी लैंगिक पहचान के अनुरूप शारीरिक बदलाव हासिल करने में मदद मिली है।

फिलहाल मां नहीं बन सकती मरीज

इस मामले में नवभारत की टीम ने भोपाल एम्स के डॉक्टर से भी बातचीत की। डॉक्टर ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की शारीरिक संरचना महिला के अनुरूप होगी, लेकिन फिलहाल वह मां नहीं बन सकती। हालांकि, डॉक्टर ने भविष्य में मेडिकल साइंस के विकास के साथ इस संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया। मरीज की निजता को ध्यान में रखते हुए अस्पताल ने उसकी पहचान उजागर नहीं की है।

एम्स में ट्रांसजेंडर क्लिनिक के जरिए भी मिलती है सुविधा

एम्स भोपाल में समर्पित ट्रांसजेंडर क्लिनिक भी संचालित है। इसके माध्यम से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को जांच, उपचार और उनकी जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्थान के अनुसार, यह सर्जरी प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अपनी तरह की पहली सफलता है।

कार्यपालक निदेशक ने क्या कहा?

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल (रिटायर्ड) ने कहा कि यह सर्जरी संस्थान की उन्नत चिकित्सा क्षमताओं और समावेशी व संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल में पहली बार इस तरह की सर्जरी सफल होने को गर्व की बात बताया।

INDIA ब्लॉक जारी रखेगा विरोध, गठबंधन की टी-पार्टी के बाद सुप्रिया सुले बोलीं- हम एक साथ हैं

INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन सफल रहा, टी पार्टी के बाद प्रेसवार्ता में बोले मल्लिकार्जुन खरगे

चुनाव आयोग पर हमले को लेकर BJP का पलटवार, पीयूष गोयल ने राहुल गांधी से पूछे 10 तीखे सवाल

'नाना' ने ऐसे तय किया जनसंघ से राजभवन तक का सफर, जानिए क्यों PM मोदी हो गए थे इनकी इस स्टाइल के मुरीद

राहुल गांधी के घर विपक्षी नेताओं की टी पार्टी, चाय पर चर्चा के बाद गठबंधन करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस