घर के बाहर मौजूद परिजन फोटो सोर्स- नवभारत
बालाघाट

बालाघाट में खौफनाक वारदात: पिता को बिस्तर से बांधा और लगा दी आग, बेटी को संपत्ति देने से नाराज था आरोपी बेटा

Balaghat Crime News : बालाघाट में युवक ने पिता को जिंदा जला दिया। पिता संपत्ति में अपनी बेटी को हिस्सा देना चाहते थे, जिससे बेटा नाराज था। इसी के चलते उसने पिता को बिस्तर से बांधकर जला दिया।

मनीष तिवारी, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • बालाघाट में पिता ने की पिता की हत्या।

  • पिता को बिस्तर से बांधकर जिंदा जलाया।

  • पिता द्वारा बेटी को संपत्ति में हिस्सा देने से नाराज था बेटा।

  • पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार।

Son Kills Father Over Property Dispute in Balaghat : बालाघाट में बेटी को पिता की संपत्ति में हिस्सा देना और उसे पेंशन सहित शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना एक बेटे को इतना नागवार गुजरा कि उसने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने ही 80 वर्षीय पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगालपुर में हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात में पुलिस ने फरार आरोपी बेटे अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ने पिता को पॉलीथिन और बिस्तर में रस्सी से बांधकर पेट्रोल छिड़का और आग के हवाले कर दिया था। घटना के बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार था। पीएम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

14 नवंबर को घर के कोने में मिला था अधजला शव

14 नवंबर को लांजी थाना पुलिस को ग्राम सोगालपुर में घर के एक कोने में डुडेश्वर पिता टीकाराम खोब्रागढ़े (80 साल) का अधजला शव मिला था। बुजुर्ग की इस संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। शुरुआती जांच में मामला सामान्य आगजनी का नहीं, बल्कि हत्या का प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए एफएसएल जांच कराई। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच की कड़ियां जुड़ने के बाद पुलिस को हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और संपत्ति का कारण सामने आया।

विवाद के बाद पिता को बनाया आग का शिकार

बताया गया कि 13 नवंबर की रात भी इसी बात को लेकर अनिल का अपने पिता डुडेश्वर से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया। उसने पिता को पॉलीथिन और बिस्तर में रस्सी से बांधा, फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस अमानवीय वारदात में 80 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया था। अगले दिन सुबह जब बेटी रोजाना की तरह पिता को नाश्ता देने घर पहुंची तो वहां पिता का अधजला शव पड़ा मिला।

5 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा आरोपी

घटना के बाद लांजी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू की। पीएम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयानों से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे अनिल खोब्रागढ़े को चिन्हित किया। लगातार तलाश के बाद रविवार को बालाघाट पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बेटी को हिस्सा देने और पेंशन दिलाने से नाराज था बेटा

लांजी एसडीओपी दीपक तोमर ने बताया कि आरोपी अनिल खोब्रागढ़े अपने पिता से इस बात को लेकर नाराज रहता था कि वे अपनी संपत्ति में से बेटी को हिस्सा देना चाहते थे। इतना ही नहीं, पिता द्वारा बेटी को पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की बात भी उसे खटकती थी। इसी नाराजगी के चलते वह पिता को नाश्ता और भोजन देने आने वाली अपनी बहन के साथ-साथ बड़े भाई को भी ऐसा करने से मना करता था। परिवार में इस बात को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Jagadish Chandra Bose: कौन थे जगदीश चंद्र बोस? जिनके प्रयोगों ने दुनिया को दिखाई विज्ञान की नई राह

Weather Today: दिल्ली में धुंध, बिहार-UP में घना कोहरा और दक्षिण भारत में बारिश, माउंट आबू में पारा शून्य

शिव-पार्वती की तस्वीर पर सियासी घमासान के बीच संत का राहुल को खुला पत्र, समझाया शिव-शक्ति मिलन का गूढ़ रहस्य

Today Breaking News: एक क्लिक में पढ़ें 23 नवंबर की 10 बड़ी खबरें फटाफट अंदाज में

बिसलेरी के पानी को जांच में क्यों बताया गया असुरक्षित? FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की दी मंजूरी