

Highlights:
बालाघाट में युवक ने की खुदकुशी।
दोस्तों को वीडियो कॉल कर लगा ली फांसी।
आत्महत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस।
Balaghat student Arun Thakre Video Call Before Death : बालाघाट के जाकपुर घाट के घने जंगल में 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम भटलाई निवासी अरुण पिता बलदेव ठाकरे के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि मौत से पहले युवक ने अपने बचपन के दोस्त और एक महिला मित्र को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी।
दोस्त उसे लगातार समझाता रहा, लेकिन वह नहीं माना और वीडियो कॉल के दौरान ही अपनी जान दे दी। घटना के बाद अब एक पुराना बाइक विवाद भी सामने आया है, जिसे लेकर युवक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात उसके दोस्त ने कही है। हालांकि, यही आत्महत्या की वजह थी या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है, इसका खुलासा होना अभी बाकी है।
जानकारी के मुताबिक अरुण करीब 2 सालों से बालाघाट जिले में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह स्थानीय सरदार पटेल कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उसने अपने बचपन के दोस्त कपिल को वीडियो कॉल किया और आत्महत्या करने की बात कही। बताया गया कि उसने अपनी महिला मित्र को भी फोन कर इसकी जानकारी दी थी। कपिल ने उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए काफी समझाया, लेकिन अरुण ने उसकी बात नहीं मानी। देखते ही देखते वीडियो कॉल के दौरान ही उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटनाक्रम ने परिजनों और परिचितों को झकझोर कर रख दिया।
इस पूरे मामले में मृतक के बचपन के दोस्त कपिल ने एक अहम घटनाक्रम का जिक्र किया है। कपिल गांव में हार्डवेयर की दुकान संचालित करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा है। उसके मुताबिक, 16 नवंबर की रात उसके घर से बाइक गायब हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद बाइक का पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि बाइक अरुण अपने साथ ले गया था। बताया गया कि बाइक ले जाते समय उसका छोटा एक्सीडेंट भी हो गया था।
कपिल ने जब दो दिनों तक बाइक के बारे में पूछताछ की तो अरुण ने पहले बाइक ले जाने से इनकार किया, लेकिन बाद में दोस्तों के माध्यम से जानकारी सामने आने पर उसने बाइक ले जाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद कपिल के परिजनों ने अरुण के परिवार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बाइक वापस मांगी। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक मरम्मत के लिए गैराज में रखी गई थी। कपिल का कहना है कि इस विवाद के बाद अरुण मानसिक रूप से परेशान था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अरुण के परिजनों को सूचित किया गया। उसका छोटा भाई आयुष ठाकरे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसे भी यह जानकारी नहीं थी कि आखिर उसके भाई ने ऐसा कदम क्यों उठाया? अरुण के पिता जेसीबी ऑपरेटर हैं, जबकि उसका छोटा भाई भोपाल में रहकर पढ़ाई करता है। परिवार के लिए अचानक सामने आई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना के भुवनेश्वर ठाकरे ने बताया कि बिरसा थाना से सूचना मिलने के बाद युवक की लोकेशन के आधार पर पुलिस जाकपुर घाट के जंगल पहुंची। मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।