डॉटर्स डे फोटो.सोशल मीडिया
लाइफस्टाइल

International Daughters Day: बेटी को बनाना है आत्मनिर्भर तो बचपन से सिखाएं ये 7 जरूरी बातें

Daughters Empowerment: बेटियों को सिर्फ यह न सिखाएं कि उसे दुनिया में कैसे आगे बढ़ना है, बल्कि यह भी सिखाएं कि अपने फैसलों की जिम्मेदारी उनकी है और जरूरत पड़ने पर अपने लिए आवाज कैसे उठानी है।

रीता राय सागर

International Daughters Day 2026: आमतौर पर हर चीज की जिम्मेदारी शिक्षा पर छोड़ दी जाती है। शिक्षा ज्ञान का माध्यम है, लेकिन बेटी को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पढ़ाई के साथ अन्य चीजों पर भी ध्यान देना जरूरी है। उसे छोटी उम्र से ही ऐसे जरूरी कौशल सिखाना भी जरूरी है, जो आगे चलकर उसे अपने फैसले खुद लेने और उस पर डंटे रहने का हौसला दे।

मुश्किल परिस्थितियों को संभालने में मदद करें। घर में अगर बेटियों को अपनी बात रखने, फाइनेंस संभालने और जिम्मेदारियां निभाने का मौका दिया जाए, तो शुरुआत से ही उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। जानिए वे 7 बातें, जो हर बेटी को बचपन से सिखाना उसके भविष्य के लिए काम आ सकती हैं।

अपनी बात खुलकर रखना सिखाएं

बेटी को यह समझाएं कि अपनी पसंद, नापसंद और सहमति-असहमति जाहिर करना गलत नहीं है। उसे बड़ों से सम्मान के साथ सवाल पूछने और अपनी बात रखने का मौका घर पर ही दें। इससे वह आगे चलकर दबाव में आकर फैसला लेने के बजाय अपनी राय पर विचार करना सीखेगी।

 ‘ना’ कहना भी जरूरी है

बचपन से ही बेटियों को अपने आसपास एक बाउंड्री लाइन रखनी चाहिए, जिसे अगर कोई पार करे, अगर कोई बात, जगह या व्यवहार उन्हें असहज लगे, तो उन्हें स्पष्ट रूप से न कहना सिखाएं। साथ ही इस बात का भरोसा दिलाएं कि किसी भरोसेमंद व्यक्ति से परेशानी साझा करने में उन्हें कभी झिझक महसूस न हो।

पैसों की समझ दें

आत्मनिर्भरता में आर्थिक समझ की बड़ी भूमिका होती है। फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बनाने के लिए बेटी को पॉकेट मनी देकर खर्च और बचत का छोटा-सा हिसाब रखने से शुरुआत की जा सकती है। उम्र के अनुसार उसे जरूरत और इच्छा के बीच का फर्क, बचत और बजट जैसी बुनियादी बातें समझाएं।

रोजमर्रा के काम खुद करने दें

अपने छोटे काम खुद करना आत्मनिर्भर बनने की पहली कवायद है। कपड़े व्यवस्थित करना, अपना सामान संभाल कर रखना, स्कूल बैग तैयार करना, कमरे को साफ रखना या उम्र के अनुसार रसोई के छोटे काम सीखना बेटी में जिम्मेदारी की भावना को बढ़ाता है।

फैसले लेने का मौका दें

हर छोटी-बड़ी चीज का फैसला माता-पिता द्वारा करने के बजाय बेटी को भी विकल्प चुनने दें। जैसे कपड़े, किताब, कोई शौक या किसी गतिविधि का चुनाव। अगर उसका फैसला गलत साबित हो जाए, तो तुरंत डांटने के बजाय उससे बात करें। इससे वह अपनी पसंद के बाद होने वाले रिजल्ट को समझना सीखेगी।

डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहना सिखाएं

आज के दौर में यह सबसे जरूरी सीख है। बच्चों की जिंदगी पढ़ाई और खेल के साथ ऑनलाइन दुनिया से भी जुड़ी है। बेटी को निजी जानकारी शेयर न करना, अनजान लोगों से सावधान रहने और किसी संदिग्ध मैसेज या ऑनलाइन बिहेवियर की जानकारी माता-पिता को देने की आदत डालें। उसे यह भी बताएं कि ऑनलाइन कोई चीज परेशान करे तो उसे छिपाने की जरूरत नहीं है।

असफलता से डरना नहीं, सीखना सिखाएं

हर परीक्षा, प्रतियोगिता या कोशिश में जीत मिलना जरूरी नहीं है। आज के समय में बच्चों को हार को हैंडल करना सीखना जरूरी है। बेटी को यह समझाइए कि गलती या असफलता उसके व्यक्तित्व की पहचान नहीं है। उससे पूछें कि वह अपनी गलती से क्या सीख सकती है और अगली बार क्या अलग करने से गलती कम होगी या बिल्कुल भी नहीं होगी। इससे धीरे-धीरे समस्या सुलझाने और दोबारा कोशिश करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

बेटी को आत्मनिर्भर बनाने की शुरुआत घर से होती है

बेटी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उसे हर मुश्किल से बचाना जरूरी नहीं है, बल्कि उस मुश्किल से सीखने दें। आप उसका सपोर्ट सिस्टम बने। पढ़ाई और करियर के साथ आत्मविश्वास, आर्थिक समझ, निर्णय लेने की क्षमता और अपनी सीमाओं की समझ ही उसे भविष्य में काम आएगी।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का एहसास, उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश की चेतावनी; अलर्ट पर हिमाचल सरकार

Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड में रेड अलर्ट, UP-MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश, फ्लैश फ्लड का खतरा

विश्व पर्यटन दिवस 2026: भारत के टूरिज्म ने दिया 8.46 करोड़ लोगों को रोजगार, GDP में 5.22% योगदान

का हो, सपा जॉइन कर लिहला का? जलभराव पर रवि किशन का तंज, BJP पार्षद बोले- आप बसपा में चले गए का?

अर्नब का कहर! यूपी में 13 की मौत, बिहार के 50 गांव जलमग्न, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट