Gorakhpur Ravi Kishan Waterlogging Problem: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश ने शासन-प्रशासन और नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। इसी बीच गोरखपुर से एक दिलचस्प और विवादित मामला सामने आया है, जहां जलभराव की समस्या को लेकर अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन और अपनी ही पार्टी के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच तीखी बहस हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में पार्षद जब सांसद रवि किशन से इलाकों में पानी भरने की शिकायत करते हैं, तो रवि किशन सवाल दाग देते हैं कि "सपा ज्वाइन कर लिए हो क्या?"
इस पर तल्ख तेवर दिखाते हुए पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने पलटवार किया और पूछा कि "पानी की शिकायत कर दी तो क्या सपा के हो गए, आपने क्या बसपा ज्वाइन की है?" पार्षद ने सवाल उठाया कि नाले बनने के बावजूद 14 साल में पहली बार ऐसे इलाकों में पानी भर रहा है जहां कभी जलभराव नहीं होता था। दोनों नेताओं के बीच हुई इस तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
गोरखपुर में जलभराव को लेकर भाजपा सांसद रवि किशन और भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल ऑडियो में पार्षद शहर के कई इलाकों में पानी भरने की शिकायत करते हैं, जिस पर सांसद कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं, "सपा ज्वाइन कर लिए हो क्या? सपा वाली बात कर रहे हो।"
वायरल बातचीत में पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी जवाब देते हैं कि, "पानी की शिकायत कर दिए तो सपा हो गए। आप क्या बसपा ज्वाइन किए हैं?" वह यह भी कहते हैं कि 14 साल बाद उन जगहों पर जलभराव हो रहा है, जहां पहले कभी पानी नहीं भरता था। इसके बाद दोनों के बीच नालों और जल निकासी व्यवस्था को लेकर तीखी बहस सुनाई देती है।
गोरखपुर में जलभराव को लेकर विवाद के बीच एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी रामगढ़ ताल चौराहे पर खड़े होकर कहते हैं कि वह पिछले आधे घंटे से वहां मौजूद हैं, लेकिन सांसद रवि किशन अब तक नहीं पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि ही दूसरे जनप्रतिनिधि से झूठ बोलेगा, तो आम जनता का क्या होगा।
गोरखपुर और आसपास के इलाकों में पिछले चार दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। शुक्रवार रात से शनिवार तक हुई तेज वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेयर मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अनिल जैन के अनुसार, प्रभावित इलाकों में मोटर पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है। सभी रेगुलेटर चालू कर दिए गए हैं और नगर निगम की टीमें लगातार जल निकासी का काम कर रही हैं, ताकि जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल की जा सके।