Independence Day: 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है, लेकिन इसी के साथ एक सवाल बार-बार लोगों को उलझन में डाल रहा है- अगर यह 80वां स्वतंत्रता दिवस है, तो क्या भारत की आजादी के 80 साल पूरे हो गए हैं?
15 अगस्त 2026 को भारत की आजादी के 79 साल पूरे होंगे, जबकि देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। दोनों संख्याओं के बीच का अंतर समझने के लिए स्वतंत्रता दिवस की गिनती और आजादी के पूरे हुए वर्षों को अलग-अलग समझना होगा।
भारत को ब्रिटिश शासन से 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली थी। इसलिए 15 अगस्त 2026 तक आजादी के पूरे हुए वर्षों की गणना इस तरह होगी:
2026 - 1947 = 79 साल
यानी 15 अगस्त 2026 को भारत को स्वतंत्र हुए 79 वर्ष पूरे करेगा।
यहां अंतर वर्ष पूरे होने और स्वतंत्रता दिवस की संख्या में है। 15 अगस्त 1947 को भारत ने आजादी मिलने के बाद अपना पहला स्वतंत्रता दिवस मनाया था। इसके बाद 15 अगस्त 1948 को दूसरा, 1949 में तीसरा और इसी क्रम में 2026 में 80वां स्वतंत्रता दिवस आएगा।
इसकी गणना ऐसे की जा सकती है:
2026 - 1947 + 1 = 80
इसलिए 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस होगा, लेकिन आजादी के 79 साल ही पूरे होंगे।
मान लीजिए किसी बच्चे का जन्म 15 अगस्त 1947 को हुआ। 15 अगस्त 1948 को उसकी उम्र 1 साल पूरी होगी। लेकिन जिस दिन वह एक साल पूरा करता है, वह उसका दूसरा जन्मदिन मनाता है, क्योंकि जन्म के दिन को पहला जन्मदिन माना जाता है।
इसी तरह भारत ने 15 अगस्त 1947 को आजादी हासिल की और उसी दिन पहला स्वतंत्रता दिवस मनाया। 15 अगस्त 2026 तक आजादी के 79 साल पूरे होंगे, लेकिन यह 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा।
स्वतंत्रता दिवस केवल किसी संख्या या तारीख का नाम नहीं है। यह भारत के लंबे स्वतंत्रता संघर्ष और उन लोगों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिया। 15 अगस्त के दिन देश भर में तिरंगा फहराया जाता है। स्कूल और कॉलेजों में भाषण, निबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन होते हैं। सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।