गुनगुने पानी और माइल्ड लिक्विड सोप से सोने के गहने साफ करें।
टूथपेस्ट, बेकिंग सोडा और हार्श केमिकल से सफाई करने से बचें।
मोती, स्टोन और गोल्ड प्लेटेड ज्वेलरी को अलग तरीके से साफ करें।
How To Clean Gold Jewellery At Home: सोने की चेन हो या इयररिंग, रोजाना इस्तेमाल होने वाले गहनों पर धीरे-धीरे धूल, पसीना, त्वचा का तेल, परफ्यूम और लोशन जमा हो जाता है। खासतौर पर चेन की छोटी-छोटी कड़ियों और इयररिंग के पीछे गंदगी फंस जाती है। इससे गहनों की चमक कम हो जाती है।
ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए हर बार ज्वेलर के पास जाने की जरूरत नहीं होती। सादे सोने के गहनों की हल्की सफाई घर पर भी की जा सकती है। हालांकि, इसके लिए सही तरीका अपनाना जरूरी है।
अगर आपके पास सादे सोने की चेन या बिना किसी नाजुक स्टोन वाले इयररिंग हैं, तो उन्हें साफ करने के लिए इन आसान स्टेप्स को अपनाएं।
गुनगुना पानी लें: सबसे पहले एक छोटी कटोरी में गुनगुना पानी भरें। ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म या उबलता हुआ न हो।
माइल्ड लिक्विड सोप मिलाएं: पानी में माइल्ड लिक्विड सोप की कुछ बूंदें डालकर अच्छी तरह मिला लें। तेज केमिकल वाले क्लीनर का इस्तेमाल न करें।
गहनों को कुछ देर भिगोएं: सादे सोने की चेन और इयररिंग को करीब 10-15 मिनट के लिए इस पानी में रखें, ताकि उन पर जमी गंदगी ढीली हो जाए।
सॉफ्ट ब्रश से साफ करें: मुलायम ब्रिसल वाले साफ ब्रश से चेन की कड़ियों और इयररिंग के पीछे के हिस्से को हल्के हाथों से साफ करें। ज्यादा दबाव न डालें।
साफ पानी से धोएं: गहनों को साफ पानी से धो लें। इन्हें सीधे सिंक के खुले ड्रेन के नीचे न रखें। बेहतर है कि एक अलग कटोरी में पानी लेकर सफाई करें।
मुलायम कपड़े से सुखाएं: लिंट-फ्री मुलायम कपड़े से गहनों को पोंछें और पूरी तरह सूखने के बाद ही ज्वेलरी बॉक्स में रखें।
टूथपेस्ट से न रगड़ें: टूथपेस्ट में मौजूद फ्रिक्शन पैदा करने वाले तत्व सोने की सतह पर खरोंच डाल सकते हैं।
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल न करें: इसे रगड़कर साफ करने से गहनों की सतह या फिनिश प्रभावित होती है।
उबलते पानी से बचें: बहुत गर्म पानी नाजुक स्टोन और मोतियों वाले गहनों को नुकसान पहुंचाता है।
ब्लीच और तेज केमिकल न लगाएं: क्लोरीन और अन्य हार्श केमिकल सोने की ज्वेलरी को नुकसान पहुंचाते हैं।
जोर से ब्रश न करें: ज्यादा दबाव डालने से कमजोर सेटिंग या छोटे हिस्सों को नुकसान पहुंचता है।
गोल्ड प्लेटेड गहनों पर सोने की एक पतली परत होती है। इन्हें ज्यादा रगड़ने, भिगोने या केमिकल वाले क्लीनर से साफ करने पर यह परत उतर सकती है।
गहनों को मुलायम सूखे कपड़े से पोंछें।
पानी में लंबे समय तक भिगोने से बचें।
टूथपेस्ट, बेकिंग सोडा और पॉलिशिंग कपड़े से जोर से रगड़ने की गलती न करें।
गहनों को नमी और परफ्यूम से दूर रखें।