Kids Special Chocolate Modak Recipes: गणेश चतुर्थी पर हम सभी गणपति बप्पा को प्रसन्न करने के लिए मोदक का भोग लगाते हैं। तो इस बार सिर्फ पारंपरिक मोदक ही नहीं बच्चों की फेवरेट चॉकलेट मोदक भी बनाएं। अगर घर में बच्चे हैं और उन्हें चॉकलेट व नई-नई मिठाइयां पसंद हैं, तो आप मोदक में थोड़ा ट्विस्ट दे सकती हैं।
मावा, सूजी, चॉकलेट, बिस्किट और ड्राई फ्रूट्स से बनने वाले ये मोदक स्वाद में अलग हैं और इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं 5 आसान ट्विस्टेड मोदक की रेसिपी।
चॉकलेट से बनी हर चीज बच्चों को पसंद आती है। इस रेसिपी में मावा, चॉकलेट और थोड़ी चीनी के इस्तेमाल से मोदक के लिए फिलिंग तैयार किया जाता है। चॉकलेट-मावा मोदक में मावा को धीमी आंच पर भूनकर उसमें चीनी और चॉकलेट मिलाई जाती है।
1 कप मावा
⅓ कप चॉकलेट चिप्स या बारीक कटी चॉकलेट
2 बड़े चम्मच चीनी
¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
मोदक सांचे को ग्रीस करने के लिए थोड़ा घी
सबसे पहले पैन में मावा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाएं। मावा हल्का पिघलने लगे तो इसमें चीनी डालें। अब चॉकलेट चिप्स डालकर लगातार चलाते रहें। जब चॉकलेट पूरी तरह पिघल जाए और मिश्रण पैन के किनारे छोड़कर एक जगह इकट्ठा होने लगे, तब इलायची पाउडर डाल दें।
मिश्रण को थोड़ा ठंडा करें। हल्का गर्म रहने पर इसे मोदक के सांचे में भरकर आकार दें। ऊपर से पिस्ता या बादाम से गार्निश करें। मिश्रण को ज्यादा न पकाएं, वरना मोदक सख्त हो सकते हैं।
अगर आपके घर में बच्चों को चॉकलेट और बिस्किट दोनों पसंद हैं, तो यह मोदक जरूर ट्राई करें। चॉकलेट मोदक रेसिपी में कोको पाउडर, पिसे बिस्किट, कंडेंस्ड मिल्क और चॉकलेट सिरप से मिश्रण तैयार किया जाता है।
1 कप बिस्किट का पाउडर
¼ कप कोको पाउडर
4 बड़े चम्मच कंडेंस्ड मिल्क
2 बड़े चम्मच चॉकलेट सिरप
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
सांचे को ग्रीस करने के लिए थोड़ा घी
एक बड़े बाउल में बिस्किट पाउडर और कोको पाउडर डालें। इसमें कंडेंस्ड मिल्क और चॉकलेट सिरप डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को तब तक गूंथें जब तक यह नरम और एकसार हो जाए। अब मोदक के सांचे पर थोड़ा घी लगाएं। मिश्रण का एक हिस्सा सांचे में भरें और हल्का दबाकर मोदक का आकार दें। इसी तरह बाकी मिश्रण से भी मोदक तैयार कर लें।
पारंपरिक चावल के आटे वाले मोदक को भी बच्चों के लिए चॉकलेटी ट्विस्ट के साथ बनाया जा सकता है। इस में बाहर से नरम चावल के आटे की लेयर और अंदर चॉकलेट की फिलिंग रखी जाती है। ऐसी विधि में चावल का आटा, दूध और घी से आटा तैयार करके चॉकलेट, चीनी और इलायची की फिलिंग भरी जाती है।
1 कप चावल का आटा
½ कप दूध
2 बड़े चम्मच घी
½ कप चॉकलेट चिप्स या बारीक कटी चॉकलेट
¼ कप चीनी
¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
पैन में दूध और घी गर्म करें। इसमें चावल का आटा डालकर नरम आटा तैयार करें। आटे को थोड़ा ठंडा होने दें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें। दूसरी तरफ चॉकलेट, चीनी और इलायची को मिलाकर फिलिंग तैयार करें। अब एक लोई को हल्का फैलाएं, बीच में चॉकलेट फिलिंग रखें और किनारों को बंद करते हुए मोदक का आकार दें।
बच्चों के लिए मोदक में एक अलग ट्विस्ट देने के लिए सूजी, नारियल और खजूर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें सूजी को घी में भूनकर नारियल, खजूर और ड्राई फ्रूट्स के साथ मिलाया जाता है।
सामग्री
1 कप सूजी
½ कप कद्दूकस किया नारियल
½ कप बीजरहित खजूर
2 छोटे चम्मच घी
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता
सबसे पहले पैन में घी गर्म करके सूजी को हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसमें नारियल डालकर कुछ मिनट और भूनें। अब अलग पैन में कटे हुए खजूर को थोड़ा पानी डालकर नरम करें और हल्का मैश कर लें। इसमें जरूरत के अनुसार गुड़ पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण में भुनी हुई सूजी, नारियल और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए तो इसे मोदक के सांचे में भरकर आकार दें।
चॉकलेट के साथ ड्राई फ्रूट्स का ट्विस्ट देना हो तो यह ऑप्शन आपके लिए ही है। इसमें बाहर से चॉकलेट की परत और अंदर मावा, नारियल और मेवों की फिलिंग भरी जाती है। चॉकलेट को सांचे में कोट करके उसके अंदर मावा-नारियल की फिलिंग भरें।
सामग्री
150-200 ग्राम मिल्क या डार्क चॉकलेट
½ कप मावा
½ कप नारियल का बुरादा
¼ कप बारीक कटे बादाम, काजू और पिस्ता
1-2 बड़े चम्मच चीनी
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 छोटा चम्मच घी
सबसे पहले चॉकलेट को छोटे टुकड़ों में काटकर डबल बॉयलर की मदद से पिघलाएं। ध्यान रखें कि चॉकलेट में पानी न जाए। अब पैन में घी डालकर मावा भूनें। इसमें नारियल का बुरादा और कटे हुए मेवे डालें। चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर कुछ देर पकाएं और गैस बंद कर दें।
मोदक के सांचे में पिघली हुई चॉकलेट की एक पतली लेयर लगाएं। इसे थोड़ी देर सेट होने दें। अब इसमें तैयार मावा-नारियल की फिलिंग भरें और ऊपर से फिर चॉकलेट डालकर मोदक को बंद कर दें। इन्हें फ्रिज में कुछ घंटे सेट होने दें।