Food Safety Tips: कई बार खाना बच जाता है और अधिकतर घरों में उसे फ्रिज में रख दिया जाता है। रखा खाना खराब होने पर कई लोग उसे फेंकने के बजाय अच्छी तरह पकाकर खाने के बारे में सोचते हैं। खासकर मांस, मछली, पनीर और दूसरे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को। लेकिन क्या ज्यादा तापमान पर पकाने से उनमें मौजूद सभी हानिकारक बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं?
सिर्फ पकाने से हर तरह का खाना सुरक्षित नहीं हो जाता है। एफएसएसएआई के अनुसार, पर्याप्त तापमान पर खाना पकाने से कई हानिकारक सूक्ष्मजीव नष्ट हो सकते हैं, लेकिन कुछ विषैले पदार्थ खाना पकाने के बाद भी मौजूद रहते हैं।
खाद्य पदार्थ को गलत तापमान पर बहुत लंबे समय तक रखने से उसमें ऐसे सूक्ष्मजीव पनपते हैं जो नेकेड आईज से दिखाई नहीं देते हैं, लेकिन भोजन से होने वाली बीमारी का कारण बनते हैं। खासकर मांस, मछली और डेयरी जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों में भंडारण और तापमान का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। एफएसएसएआई के अनुसार, दूध और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद तथा मांस और अन्य मांसाहारी उत्पादों को उचित तापमान पर रखना जरूरी है।
FSSAI के अनुसार, भोजन को अच्छी तरह पकाना जरूरी है, क्योंकि पर्याप्त तापमान कई हानिकारक बैक्टीरिया को नष्ट कर सकता है। लेकिन खाना पकाने से सभी जैविक विषैले पदार्थ नष्ट हों, यह जरूरी नहीं है। इसलिए पहले से खराब या संदिग्ध भोजन को केवल पकाकर सुरक्षित बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए यानी अगर मांस-मछली या पनीर पहले ही खराब हो चुका है, तो उसे मसाले लगाकर, तलकर या लंबे समय तक पकाकर खाना सुरक्षित नहीं है।
खाद्य पैकेट पर लिखी तारीख को समझना बहुत जरूरी है। Use By या Expiry Date और Best Before का अर्थ एक जैसा नहीं होता। एफएसएसएआई के अनुसार, इन तारीखों के बाद खाद्य पदार्थ की सुरक्षा को लेकर जोखिम हो सकता है और ऐसे उत्पाद को इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। वहीं जिन उत्पादों पर बेस्ट बीफोर लिखा होता है, उसका संबंध खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता से होता है। इसलिए पैकेट पर लिखी तारीख को देखकर पहले यह समझें कि उसकी एक्सपायरी या यूज बाय या बेस्ट बीफोर कब तक की है।
मांस और मछली जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थ हैं। इनकी गुणवत्ता केवल रंग देखकर तय नहीं की जा सकती। एफएसएसएआई की खाद्य सुरक्षा सामग्री में खराब मांस और मछली की पहचान के लिए तेज बदबू, चिपचिपी बनावट, मांस के रंग में बदलाव, मछली की धुंधली या धंसी हुई आंखें और खराब गंध जैसी चीजें हो सकती है।
पनीर भी ऐसा खाद्य पदार्थ है जिसे उचित तापमान पर रखना जरूरी है। अगर पनीर बहुत चिपचिपा हो गया है, उसका रंग असामान्य दिखाई दे रहा है या उसमें खराब गंध आ रही है, तो उसे इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। सिर्फ पनीर को गर्म करने या सब्जी में अच्छी तरह पकाने से यह साबित नहीं होता कि खराब पनीर पूरी तरह सुरक्षित हो गया है।
घर पर खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ आसान बातों का ध्यान रखें-
जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर रखें।
पैकेट पर दी गई Use By/Expiry Date जरूर देखें।
कच्चे मांस, मछली और अंडों को दूसरे खाद्य पदार्थों से अलग रखें।
कच्चे और पके भोजन के लिए अलग कटिंग बोर्ड और बर्तन रखना बेहतर है।
पका हुआ खाना लंबे समय तक कमरे के तापमान पर न छोड़ें।
फ्रिज में रखे भोजन को भी बहुत लंबे समय तक सुरक्षित मानकर न रखें।
खराब गंध, फफूंद, चिपचिपापन या असामान्य रंग दिखने पर भोजन फेंक दें।
संदिग्ध भोजन को चखकर उसकी सुरक्षा जांचने की कोशिश न करें।