Work From Home Mode: घर से काम करने के लिए एक अच्छा ऑफिस सेटअप का होना बहुत जरूरी है, ताकि ऑफिस की कमी भी महसूस न हो और काम में मन लगा रहे।
कोराना (Covid-19 Pandemic) महामारी के दौरान वर्क फ्रॉम होम का चलन शुरू हुआ और अब यह समय की मांग हो गई है। इसके बाद से जॉब कल्चर में कई अहम बदलाव हुए हैं। यह न केवल मजबूरी बल्कि लाखों लोगों की लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुकी है।
एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर से काम करने की सिफारिश की है। लेकिन एक सच यह भी है कि ऑफिस जाकर काम करने और घर से काम करने में फर्क है। ऑफिस जाकर काम करने के दौरान नए लोगों से मुलाकात होती है, ऑन द प्लेस एक-दूसरे को देखकर मोटिवेट होते है। वर्क फ्रॉम होम लंबे समय के लिए उबाऊ हो जाता है। ऐसे में एक स्मार्ट वर्क प्लेस सेटअप से काम में मन लगा रहेगा।
इसके लिए घर के किसी एक कोने का चयन करें। बिस्तर या सोफा पर बैठकर काम करने से शरीर में जल्दी थकावट आती है और फोकस शिफ्ट हो जाता है। एक शांत और अच्छी रोशनी वाली जगह का चयन करें। घर छोटा है, तो पूरे रूम की बजाए एक छोटे कोने को अपना वर्क प्लेस बनाएं। एक टेबल और आरामदायक कुर्सी आपके काम को बेहतर बना सकती है।
एक अच्छी लाइटिंग से जहां आपका जूम कॉल अच्छा होगा, वहीं यह मानसिक स्थिरता के लिए भी अच्छा है। अच्छी लाइट में काम करने से आंखों पर कम दबाव पड़ता है और मूड बेहतर होता है। इसके साथ ही बैकग्राउंड का भी ख्याल रखें। उसे साफ-सुथरा और ऑर्गनाइज्ड रखें। इसके लिए आप टेबल पर मिनिमल डेकोर भी कर सकते हैं। जैसे कोई प्लांट या कोई फोटो फ्रेम।
वर्क फ्रॉम होम में एक ही रूटीन और एक ही जगह धीरे-धीरे बोर होने लगता है। ऐसे में काम के दौरान लाइट म्यूजिक सुनना कारगर हो सकता है। कैंडल्स या गुड डिफ्यूजर, कलरफुल स्टेशनरी और प्लानर से काम को कम बोरिंग किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें-
एक परफेक्ट हाइट की चेयर-टेबल घर से काम करने के लिए बेहद जरूरी है। घंटों लैपटॉप के सामने बैठना पीठ, गर्दन व आंखों के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है। इससे बचने के लिए लैपटॉप को आंखों की सीध में सेट करें। इससे गर्दन की समस्या नहीं होगी। कुर्सी के पीछे कुशन का इस्तेमाल करें।
अगर आप घर से काम करते हैं, तो रोजाना स्ट्रेचिंग को अपनी रूटीन में शामिल करें। हर 30 मिनट की सीटिंग के बाद 3 मिनट का वॉक लें। नियमित रूप से व्यायाम करें। सभी महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को शामिल करते हुए एक बैलेंस डाइट का पालन करें। सुनिश्चित करें कि आप रोजाना ताजे फल, सब्जियां, नट्स, बीज, साबुत अनाज, फलियां और दाल का सेवन करें। मसालेदार, तैलीय, जंक, डिब्बाबंद और प्रोसेस्ड फूड्स से बचें. हाइड्रेटेड रहें और हेल्दी वेट बनाए रखें। धूम्रपान और शराब पीने से बचें। बार-बार चाय-कॉफी का सेवन न करें।