बाहर निकलने से पहले मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन लगाएं।
घर लौटकर चेहरे की सफाई और बालों को जरूरत के अनुसार धोएं।
प्रदूषण ज्यादा होने पर एन 95 मास्क पहनें और आउटडोर कम करें।
Skin Care In Pollution: दिवाली के बाद दिल्ली एनसीआर समेत कई शहरों की हवा प्रदूषित हो गई है, जो चिंता का विषय है। पटाखों से निकलने वाले धुएं से फैले प्रदूषण के कारण हवा में महीन कणों की मात्रा बढ़ गई है। ऐसे में प्रदूषण का असर सांस और फेफड़ों के साथ-साथ त्वचा और बालों पर भी पड़ता है।
प्रदूषित हवा में मौजूद धूल और बारीक कण त्वचा पर जमते हैं। इससे रूखापन, खुजली, जलन और मुंहासों की परेशानी बढ़ती है। वहीं बालों और स्कैल्प पर धूल-मिट्टी जमा होने से खुजली, रूखापन और बालों के उलझने की समस्या होने लगती है।
आइए जानते हैं कि प्रदूषण के दिनों में त्वचा और बालों की देखभाल कैसे करें।
प्रदूषण के दिनों में त्वचा को रूखा होने से बचाने के लिए घर से निकलने से पहले मॉइश्चराइजर लगाएं। अगर आपकी स्किन ड्राई है, तो क्रीम बेस्ड मॉइश्चराइजर चुनें और ऑयली स्किन के लिए हल्का व नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइश्चराइजर बेहतर रहेगा। इसके बाद ब्रॉड-स्पेक्ट्रम एसपीएफ 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन लगाएं।
अगर आपको रोज ऑफिस, बाजार या किसी दूसरे काम से बार-बार बाहर जाना पड़ता है, तो बालों को खुला छोड़ने के बजाय हल्के स्कार्फ या साफ कपड़े से ढककर निकलें। इससे बालों पर धूल-मिट्टी सीधे नहीं जमते हैं।
त्वचा और बालों को प्रदूषण से बचाने का सबसे प्रैक्टिकल तरीका बिना किसी वजह के बाहर न जाना है। एक्यूआई बहुत खराब या गंभीर स्थिति में होने के कारण गैर-जरूरी आउटडोर एक्टिविटी को टालें।
अगर बाहर जाना जरूरी है, तो अच्छी फिटिंग वाला एन 95 मास्क का इस्तेमाल करें। इससे कई महीन प्रदूषित कणों से बचाव होता है।
बाहर से आने के बाद चेहरे पर जमा धूल, पसीना, सनस्क्रीन और मेकअप हटाना जरूरी है। इसके लिए माइल्ड फेसवॉश इस्तेमाल करें। चेहरा धोते समय बहुत गर्म पानी या तेज स्क्रब का इस्तेमाल न करें। अगर आपकी त्वचा ड्राई या सेंसिटिव है, तो बार-बार चेहरा धोने से बचें।
प्रदूषण के कारण बालों और स्कैल्प पर धूल-मिट्टी जमा होती है। अगर आप रोज बाहर जाती हैं और स्कैल्प चिपचिपा या गंदा महसूस होता है, तो बालों को जरूरत के अनुसार माइल्ड शैंपू से धोएं। शैंपू के बाद बालों की लंबाई पर कंडीशनर जरूर लगाएं, ताकि बाल रूखे और उलझे हुए न रहें।
प्रदूषण के दिनों में त्वचा में जलन या संवेदनशीलता महसूस हो रही हो, तो एक साथ कई एक्टिव इंग्रेडिएंट इस्तेमाल करने से बचें। रात में माइल्ड क्लींजर से चेहरा साफ करें और उसके बाद मॉइश्चराइजर लगाएं। अगर त्वचा में रूखापन है, तो सेरामाइड, ग्लिसरीन या हायलूरोनिक एसिड बेस्ड मॉइश्चराइजर बेहतर होगा।
कई लोग बाहर से आने के बाद खिड़कियां खोल देते हैं, लेकिन जब बाहर प्रदूषण बहुत ज्यादा हो तो ऐसा करना हमेशा सही नहीं होता, क्यों कि बाहर प्रदूषण का लेवल बहुत ज्यादा होता है। ऐसे में स्थानीय एक्यूआई और प्रदूषण की स्थिति देखकर ही खिड़कियां खोलें।
अगर घर में एयर प्यूरीफायर है, तो कमरे के आकार के अनुसार हेपा फिल्टर वाला प्यूरीफायर का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा घर में अगरबत्ती, धूप, सिगरेट और मच्छर भगाने वाली कॉइल के धुएं से बचें। प्रदूषण से बचने के लिए फर्श की सफाई के लिए सूखी झाड़ू के बजाय गीले पोछे का इस्तेमाल करें।
त्वचा और बालों की अच्छी सेहत के लिए संतुलित खानपान जरूरी है। अपनी डाइट में मौसमी फल, हरी सब्जियां, दालें, नट्स और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करें। दिनभर पर्याप्त पानी पिएं।