तीन दिन की यात्रा के लिए पहले से हर दिन का आउटफिट तय करें।
कपड़ों को रोल करके रखें और फुटवियर के सिर्फ दो विकल्प चुनें।
मेकअप, स्किनकेयर को मिनिमल रखें।
3 Day Travel Packing Checklist: त्योहारों के मौके पर घर से दूर रहने वाला हर शख्स घर जाने को लेकर उत्सुक होता है, लेकिन 2-3 दिन की यात्रा के लिए सामान पैक करना कई बार मुश्किल हो जाता है। खासकर महिलाओं के लिए कपड़े, फुटवियर, मेकअप, स्किनकेयर और रोजमर्रा की जरूरी चीजें एक ही बैग में रखना चुनौती भरा हो जाता है।
ऐसे में स्मार्ट पैकिंग की जरूरत हो जाती है। अगर आप भी छठ के मौके पर अपने घर जा रही हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर कम सामान में 3 दिन की ट्रिप की पूरी तैयारी कर सकती हैं।
सबसे पहले तय करें कि आपको तीन दिनों में कौन-कौन से कपड़े पहनने हैं। हर दिन के लिए अलग आउटफिट निकालकर रखें। ऐसे कपड़े चुनें जिन्हें आप एक से ज्यादा तरीके से स्टाइल कर सकें। उदाहरण के लिए एक जींस के साथ दो अलग टॉप रख सकती हैं। इससे बैग में ज्यादा कपड़े रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बैग में कपड़ों को तह करके रखने के बजाय रोल करके रखें। इससे जगह बचती है और कपड़ों में सिलवटें भी कम पड़ती हैं। भारी कपड़े जैसे जींस और स्वेटर नीचे रखें, जबकि हल्के कपड़े ऊपर रखें। छोटे कपड़ों को खाली जगहों में एडजस्ट करें।
हर ड्रेस के साथ अलग चप्पल या सैंडल रखने से बैग में काफी जगह घिर जाती है। इसलिए एक आरामदायक फुटवियर सफर के लिए रखें। इसके अलावा एक अच्छा सैंडल या जूती रखें, जिसे आप ज्यादातर कपड़ों के साथ पहन सकें।
तीन दिन की यात्रा के लिए पूरा मेकअप किट ले जाने की जरूरत नहीं है। अपनी जरूरत के हिसाब से काजल, लिपस्टिक, कॉम्पैक्ट पाउडर, ब्लश और छोटी सी कंघी रखें। स्किनकेयर के लिए फेस वॉश, मॉइश्चराइजर, सनस्क्रीन और लिप बाम काफी हैं। इन्हें छोटे ट्रैवल कंटेनर में रखें, ताकि ज्यादा जगह न घिरे।
हर आउटफिट के लिए अलग-अलग ज्वेलरी के बजाय ऐसे ईयररिंग्स और एक्सेसरीज चुनें जो कई कपड़ों के साथ मैच हो सकें और इन्हें अलग-अलग पाउच में रखें। इससे सामान उलझेगा नहीं।
ट्रेन या बस से सफर कर रही हैं तो टिकट, पहचान पत्र, मोबाइल, चार्जर, ईयरफोन और कुछ कैश एक छोटे हैंडबैग में रखें। मोबाइल में टिकट और जरूरी बुकिंग की डिजिटल कॉपी भी सेव रखें।
सफर में सिरदर्द, पेट की परेशानी या छोटी-मोटी हेल्थ प्रॉब्लम हो सकती है। इसके लिए नियमित दवाइयां, बैंडेज और जरूरी दवाएं एक छोटे पाउच में रखें। सैनिटाइजर, टिश्यू और वेट वाइप्स भी साथ रख सकती हैं।
बच्चों के साथ यात्रा कर रही हैं तो उनके कपड़े, जरूरी दवाएं, पानी की बोतल, स्नैक्स और मनोरंजन के लिए छोटी किताब या खिलौना अलग बैग में रखें। इससे बार-बार बैग को खोलनी नहीं पड़ेगी। बच्चों के लिए एक अतिरिक्त जोड़ी कपड़े हैंडबैग में जरूर रखें।