Bihar Road Accident: बिहार के लखीसराय-जमुई बॉर्डर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसा उस समय हुआ जब शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र परीक्षा देने के लिए जा रहे थे।
ट्रेन पकड़ने के लिए छात्र सीएनजी ऑटो से स्टेशन की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान रोड पर खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे से घायल दोनों छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही वाहन लखीसराय तथा जमुई के सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचा, एक तेज रफ्तार वाहन से हुई टक्कर में सीएनजी ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो अन्य छात्रों को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद भी स्थिति संभली नहीं तो दोनों छात्रों को पटना रेफर कर दिया गया।
एक छात्र ने कहा, "वे घर जा रहे थे। हमारी परीक्षाएँ कल ही समाप्त हुई थीं। मेरे रूममेट अजीत ने फ़ोन करके बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। इसलिए मैं और नीतीश तुरंत उठे और दौड़े। जब हम वहाँ पहुँचे, तो देखा कि तीन लड़के मृत पड़े हैं। अंकित का पैर टूट गया था"।
जिस स्थान पर हुआ वह लखीसराय और जमुई जिले की सीमा पर होने के कारण दोनों जिलों की पुलिस सीमा-निर्धारण और अधिकार क्षेत्र को लेकर आपस में उलझी रही। हादसे के बाद यातायात भी बाधित रहा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग और कॉलेज प्रबंधन मदद के लिए तुरंत सक्रिय हुए। शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल ने दोनों जिलों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से लगातार मदद की गुहार लगाई।
(एजेंसी इनपुट के साथ)