रांची में भाजपा दफ्तर पर बवाल (सौजन्य-IANS) 
झारखंड

रांची में BJP ऑफिस घेरने गई कांग्रेस, अंडे-टमाटर और लाठियों से हुआ स्वागत! बैरिकेडिंग तोड़ते ही मचा बवाल-VIDEO

BJP-Congress Clash Jharkhand Politics: झारखंड के रांची में NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर BJP ऑफिस के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान अंडे और टमाटर फेंके गए।

प्रिया जैस

NEET Protest in Ranchi: नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को रांची में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।

दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी हुई और एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर तथा पानी की बोतलें फेंकी गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च करते हुए पहुंचे। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे और नीट पेपर लीक मामले की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

पुलिस ने लगाई बैरिकेडिंग

हालांकि, प्रशासन ने भाजपा कार्यालय से करीब 100 मीटर पहले ही कई स्तरों पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बैरिकेडिंग के सामने प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया और पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

अंडे-टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी

दूसरी ओर भाजपा कार्यालय के बाहर भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ता राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगा रहे थे। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गईं। कुछ भाजपा कार्यकर्ता दमकल वाहन के ऊपर चढ़ गए, जहां से उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर टमाटर और अंडे फेंके।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया जवाब

जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी अंडे और अन्य वस्तुएं उछाली गईं। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हरमू रोड और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात किए गए। पुलिस लगातार दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही।

हरमू रोड पर यातायात प्रभावित

प्रदर्शन के कारण हरमू रोड पर यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया था।

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय तक पहुंच गए थे, जहां दोनों दलों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। गुरुवार को कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया, जिसके दौरान दोनों दलों के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

क्या राजनीति छोड़ रहे हैं नितिन गडकरी? संन्यास की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री ने तोड़ी चुप्पी, जानिए पूरा सच

SECI Recruitment 2026: इंजीनियर समेत 28 पदों पर निकली भर्ती, 2.80 लाख तक सैलरी; 23 सितंबर तक करें आवेदन

कॉकरोच किसके लिए कहा गया था? CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का बड़ा दावा, जानें किसका लिया नाम

तरुण तेजपाल को जाना ही होगा जेल...सुप्रीम कोर्ट ने ठुकराई याचिका, सरेंडर के लिए दिया दो हफ्ते का टाइम

जंतर-मंतर हिंसा से दिल्ली पुलिस ने ली सीख, तैयार किया नया प्लान, अब हर बड़े प्रदर्शन पर ऐसे रखी जाएगी पैनी नजर