HIGHLIGHTS
SpiceJet एयरलाइन के सामने मंडरा रहा आर्थिक संकट
18 अक्टूबर को बोर्ड मीटिंग में नई पूंजी जुटाने पर फैसला
स्पाइसजेट की फ्लाइट्स लगातार डिले और कैंसिल हो रही
मुंबई एयरपोर्ट पर भी यात्रियों ने जमकर किया हंगामा
SpiceJet Flight Delay & Cancel: स्पाइसजेट कंपनी के सामने सीमित ऑपरेशनल विमान है। एयरपोर्ट का बकाया रकम चुकाने में दिक्कत आ रही है। दूसरी तरफ, स्टाफ को भी समय पर सैलरी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में 18 अक्टूबर को बोर्ड मीटिंग में नई पूंजी जुटाने पर फैसला होना है। ऐसे में आज का सबसे बड़ा सवाल भी यहीं है कि क्या इतनी रकम मिलेगी जिससे स्पाइसजेट कंपनी आर्थिक संकट से उबर पाए।
आए दिन स्पाइसजेट की फ्लाइट्स डिले और कैंसिल हो रही हैं। ऐसे में यात्रियों को घंटों फ्लाइट्स का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं बागडोगरा से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट रद्द होने के बाद करीब 70 यात्री परेशान हुए। यात्रियों ने स्पाइसजेट कंपनी पर आरोप लगाया कि कंपनी ने हमें फ्लाइट रद्द होने की जानकारी समय से नहीं दी और न ही हमारी पर्याप्त मदद की।
स्पाइसजेट के हालात कई महीनों से बेकार हैं। कभी विमानों की कमी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा एयरपोर्ट का बकाया, कर्मचारियों की सैलरी में देरी और आर्थिक संकट ने यहां काम करने वाले कर्मचारियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
स्पाइसजेट की मौजूदा स्थिति कई बड़े आर्थिक संकट की ओर इशारा कर रही हैं। एक तरफ कंपनी के उड़ानों की संख्या कम हो रही है। विमान ऑपरेशन से बाहर है और यात्रिगण लगातार शिकायतें कर रहे हैं। हाल ही में कंपनी के बाजार हिस्सेदारी में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मंगलवार शाम को भी मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी के चलते यात्रियों ने 9 घंटे तक हंगामा किया। एयरलाइन ने रिफंड का आश्वासन दिया है। शाम 7 बजे के बाद एक भी फ्लाइट तय समय पर रवाना नहीं हुई।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा सितंबर महीने के लिए जारी किए गए आंकड़े स्पाइसजेट की खस्ताहाल होती स्थिति की पोल खोलते हैं। आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में स्पाइसजेट की 20% से अधिक निर्धारित उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान एयरलाइन की ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) यानी समय पर उड़ान भरने की दर महज 16.6% ही दर्ज की गई।
इस व्यवस्थागत नाकामी के कारण सितंबर में करीब 36,000 यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा, जबकि 21,700 से अधिक यात्री उड़ानें अचानक रद्द होने की वजह से बुरी तरह प्रभावित हुए।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि गंभीर वित्तीय संकट के दौर से गुजर रही स्पाइसजेट के बेड़े में अब बमुश्किल 12 से 13 विमान ही बचे हैं। इसका सीधा असर कंपनी के बिजनेस पर पड़ा है और भारतीय घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी घटकर अब महज 0.6% पर सिमट गई है।