Highlights:
तिरुनेलवेली में तृषा कृष्णन के नाम पर 'यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम' शुरू किया गया।
समर्थकों ने उम्मीद जताई कि अभिनेत्री राजनीति में आएंगी और उनके साथ जुड़ेंगी।
फोरम के पोस्टर में तृषा हरी साड़ी में नजर आईं, जिसके रंग को AIADMK से जोड़कर देखा जा रहा है।
Tamil Nadu Politics CM Vijay Trisha Krishnan: तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह कोई फिल्म या सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि तृषा के नाम पर शुरू किया गया एक नया संगठन है। सोमवार, 23 नवंबर को तिरुनेलवेली में कथित समर्थकों ने 'यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम' की शुरुआत की।
फोरम के पोस्टर में अभिनेत्री हरी साड़ी पहने हाथ जोड़कर अभिवादन करती नजर आ रही हैं। इसके लोगो में भी हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है, जिसे तमिलनाडु की राजनीति में AIADMK से जोड़कर देखा जाता है। इस पहल के बाद सवाल उठने लगा है कि क्या तृषा कृष्णन भी राजनीति में उतरने की तैयारी कर रही हैं?
तिरुनेलवेली में लॉन्च किए गए इस फोरम के समर्थकों का कहना है कि उन्होंने इसकी शुरुआत इस उम्मीद में की है कि तृषा कृष्णन राजनीति में आएंगी और उनके साथ जुड़ेंगी। समर्थकों के मुताबिक, उनका उद्देश्य सत्ता या पद हासिल करना नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाना है।
बता दें कि इस पोस्टर में तृषा की तस्वीर और हरे रंग का इस्तेमाल खास तौर पर चर्चा में है। हरा रंग AIADMK की पहचान से जुड़ा रहा है। इस पार्टी का नेतृत्व पहले तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता करती थीं। हालांकि, फोरम की शुरुआत को तृषा की राजनीतिक घोषणा नहीं माना जा सकता।
तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री विजय कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ नजर आ चुके हैं। हाल ही में विजय वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी श्रेया और उज्जवल के शादी समारोह में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में तृषा की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी।
इससे पहले दोनों ब्रिटेन में अभिनेता अजित कुमार के रेसिंग इवेंट में भी दिखाई दिए थे। स्वतंत्रता दिवस के एक कार्यक्रम में भी तृषा पहली पंक्ति में बैठी नजर आई थीं। इन मौकों के बाद दोनों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और अटकलें तेज होती रही हैं।
तृषा और विजय का नाम राजनीतिक बहसों में भी उछलता रहा है। तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की अभिनेत्री और मुख्यमंत्री के संबंधों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई और बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
इसके बाद विजय ने सितंबर में बिना किसी का नाम लिए कहा था कि राजनीतिक आलोचना की जा सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए।
बता दें कि तृषा कृष्णन ने विजय के साथ मुख्य अभिनेत्री के तौर पर पांच फिल्मों में काम किया है। इनमें से तीन फिल्मों को सुपरहिट या ब्लॉकबस्टर सफलता मिली।
फिलहाल तृषा के नाम पर फोरम शुरू होने से उनके राजनीति में आने की चर्चा जरूर तेज हुई है, लेकिन समर्थकों की इस पहल को अभिनेत्री की ओर से राजनीतिक कदम उठाने की घोषणा नहीं माना जा सकता।
4 मई 1983 को जन्मीं तृषा कृष्णन चेन्नई की रहने वाली हैं। उन्होंने तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है और थलापति विजय के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी भी काफी लोकप्रिय रही है।
दोनों ने मुख्य कलाकार के तौर पर 5 फिल्मों में साथ काम किया, जिनमें से 3 फिल्में सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर साबित हुईं। इसके अलावा, तृषा साल 2024 में रिलीज हुई विजय की फिल्म The Greatest of All Time (GOAT) के एक गाने में कैमियो करती नजर आई थीं। तृषा अभी अविवाहित हैं और तमिल ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखती हैं।