Highlights:
TMC सांसद कीर्ति आजाद ने राम मंदिर जाने से इनकार करते हुए भगवान राम और माता सीता को लेकर क्या कहा?
माता सीता की अग्निपरीक्षा और उनके परित्याग का जिक्र कर राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहे जाने पर उठाए सवाल।
सोनिया गांधी की किताब, कश्मीरी पंडितों के पलायन और बाबरी मस्जिद विध्वंस पर भी भाजपा को घेरा।
Kirti Azad Statement On Ram Mandir :उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या का राम मंदिर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की खबरों के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद ने ऐसा बयान दिया है, जिस पर सियासी विवाद खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह कभी राम मंदिर नहीं जाएंगे, क्योंकि भगवान राम ने माता सीता का परित्याग किया था। उन्होंने राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहे जाने पर भी सवाल उठाए।
अयोध्या के राम मंदिर को लेकर अपनी राय रखते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि देश में हजारों देवी-देवता हैं, ऐसे में क्या सिर्फ भगवान राम ही भगवान हैं? उन्होंने कहा, ''मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा। जिसने अपनी पत्नी का परित्याग कर दिया हो, अग्निपरीक्षा में पास होने के बाद भी माता सीता को घर से निकाल दिया गया।''
उन्होंने खुद को मिथिला क्षेत्र से जुड़ा बताते हुए कहा कि माता सीता उनकी इष्ट देवी हैं। अगर दूसरे लोगों को अपने इष्ट देव दिखाई देते हैं तो उन्हें भी अपनी इष्ट देवी के लिए बोलने का अधिकार है।
TMC सांसद ने भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहे जाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि माता सीता ने अग्निपरीक्षा दी और उसमें सफल भी हुईं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनके दो छोटे बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया।
कीर्ति आजाद ने सवाल किया कि इसे कैसी मर्यादा कहा जाएगा? उन्होंने कहा कि वह बच्चों को इस प्रसंग के बारे में क्या जवाब देंगे। अपने धार्मिक विश्वासों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह कामाख्या जाते हैं और मां काली की पूजा करते हैं।
कीर्ति आजाद ने कहा कि माता सीता मिथिला की बेटी थीं और उनके सम्मान में आवाज उठाना जरूरी है। बता दें कि कीर्ति आजाद बिहार के दरभंगा से आते हैं, जो मिथिला क्षेत्र का प्रमुख हिस्सा है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है।
कीर्ति आजाद ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर भाजपा की प्रतिक्रिया पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कश्मीरी पंडितों के पलायन का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत 1989 में हुई थी, जब केंद्र में वीपी सिंह की सरकार थी और भाजपा उसे समर्थन दे रही थी।
उन्होंने बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के पुराने बयानों का भी उल्लेख किया। कीर्ति आजाद ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब में लिखी बातें उनकी व्यक्तिगत भावनाएं हैं। उन्होंने किताब खुद नहीं पढ़ी, लेकिन अखबारों में उसके बारे में जरूर पढ़ा है।