Tehseen Poonawalla House Arrest: देशभर में NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद अब E-20 पेट्रोल के विरोध में भी लोगों ने आवाज उठाना शुरू कर दिया है। इसी बीच प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने शनिवार से भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान कर दिया है साथ ही मौन मार्च निकालने का भी फैसला किया है।
इस ऐलान के बाद उन्होंने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस उनको गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंच गई है। पूनावाला ने दावा किया है दिल्ली पुलिस ने उन्हें एक अच्छा इंसान बताया, लेकिन घर से बाहर निकलने नहीं दे रही है।
तहसीन पूनावाला ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए पोस्ट लिखा है। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे मैं कोई आतंकवादी हूं। अपने मौन व्रत और हड़ताल के बारे में बताते हुए पूनावाला ने लिखा कि मैं तो बस मौन व्रत रखना चाहता था और एक दिन की शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक भूख हड़ताल करना चाहता था। अपने पोस्ट में उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट को भी सस्पेंड करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि मुझे गालियां दी गईं, अब मुझे नजरबंद कर दिया गया है।
तहसीन पूनावाला ने पुलिस पर गैर कानूनी रूप से नजरबंद करने का आरोप लगाते कहा कि दिल्ली पुलिस ने न सिर्फ मुझे गैर-कानूनी तौर पर नजरबंद किया है, बल्कि महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया है। इसलिए अगर मैं भागने की कोशिश करती हूं और धक्का-मुक्की होती है तो मुझ पर गंभीर आरोप लगाए जाएंगे।
इथेनॉल पर बात करते हुए पूनावाला ने कहा कि हम इथेनॉल पर चर्चा क्यों नहीं कर सकते? हम बस इतना चाहते हैं कि E10 के अनुकूल गाड़ियों के लिए E10 मिले, E0 पेट्रोल की कीमतें कम हों, E20 फ्यूल पॉलिसी से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और नितिन गडकरी को इथेनॉल के मामले से दूर रखा जाए।